![]()
मऊ सदर विधायक अब्बास अंसारी सोमवार को मऊ पहुंचे। उन्होंने अपने अधिवक्ता दरोगा सिंह के साथ SP कमलेश बहादुर से मुलाकात की और सुप्रीम कोर्ट के आदेश की प्रति सौंपी। उन्होंने पुलिस प्रशासन को जिले में अपने आगमन और क्षेत्र भ्रमण की सूचना भी दी। इसके तुरंत बाद अब्बास अंसारी समाजवादी पार्टी (सपा) कार्यालय पहुंचे। वहां उन्होंने सपा जिलाध्यक्ष और कार्यकर्ताओं से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना। उनके पहुंचते ही सपा कार्यालय पर समर्थकों में उत्साह का माहौल देखा गया और कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। बताया जा रहा है कि अब्बास अंसारी अब अपने विधानसभा क्षेत्र में सक्रिय रहेंगे और आमजन से मुलाकात करेंगे। उनके मऊ आगमन को हाल ही में हुए उस विवाद से भी जोड़कर देखा जा रहा है, जिसमें हिंदू जागरण समिति के लोगों ने थाना सरायलखंसी में उनके “लापता” होने की शिकायत दर्ज कराई थी। समर्थक इसे उस राजनीतिक संदेश का जवाब मान रहे हैं। अब्बास अंसारी दिवंगत बाहुबली नेता मुख्तार अंसारी के पुत्र हैं और वर्तमान में सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के विधायक हैं। हालांकि, उनके समाजवादी पार्टी कार्यालय पहुंचने के बाद जिले की राजनीति में नई चर्चाएं शुरू हो गई हैं। राजनीतिक गलियारों में इस बात को लेकर भी चर्चा तेज है कि सुभासपा और भाजपा गठबंधन का कार्यालय पास में होने के बावजूद वह वहां नहीं गए। मऊ की राजनीति में अब इस घटनाक्रम को 2027 विधानसभा चुनाव की संभावित रणनीति और नए राजनीतिक समीकरणों से जोड़कर देखा जा रहा है।
Source link
सुप्रीम कोर्ट से राहत के बाद अब्बास अंसारी मऊ पहुंचे:सपा कार्यालय में कार्यकर्ताओं ने स्वागत किया, क्षेत्र के लोगों से भी मिलेंगे