जौनपुर में 44 डिग्री पहुंचा तापमान, 6 डिग्री तक वृद्धि:लू के थपेड़ों से जनजीवन बेहाल, सड़कों और बाजारों में सन्नाटा


जौनपुर में भीषण गर्मी का असर लगातार बढ़ता जा रहा है। सोमवार को अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पिछले चार दिनों में तापमान में करीब 6 डिग्री की बढ़ोतरी होने से जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है। तेज धूप और लू के थपेड़ों के कारण दोपहर के समय सड़कों और बाजारों में सन्नाटा पसरा रहा। लोग गर्मी से बचने के लिए मुंह ढककर घरों से बाहर निकलते नजर आए। सुबह 10 बजे से ही दोपहर जैसी तपिश महसूस होने लगी, जिससे लोगों को काफी परेशानी उठानी पड़ रही है। भीषण गर्मी का असर पशु-पक्षियों पर भी दिखाई दे रहा है। वहीं लगातार हो रही बिजली कटौती ने लोगों की मुश्किलें और बढ़ा दी हैं। राहत पाने के लिए लोग शीतल पेय पदार्थों की दुकानों पर पहुंच रहे हैं। कॉलेज परीक्षाओं के चलते छात्रों को दोपहर की तेज गर्मी में घर लौटने में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। डॉ. अशोक यादव ने बढ़ती गर्मी को देखते हुए हीट स्ट्रोक के खतरे से सावधान रहने की सलाह दी है। उन्होंने कहा कि दोपहर में घर से बाहर निकलने से बचें। यदि बाहर जाना जरूरी हो तो पर्याप्त पानी पीकर निकलें, सिर पर गमछा या टोपी रखें और पूरी बाजू के कपड़े पहनें। उन्होंने यह भी सलाह दी कि खाली पेट बाहर न निकलें, धूप में मुंह और हाथों को ढककर रखें तथा बाहर से आने के तुरंत बाद ठंडा पानी पीने से बचें। बाजार की तली-भुनी चीजों से परहेज करने और सिरदर्द या शरीर दर्द होने पर तुरंत डॉक्टर से संपर्क करने की भी सलाह दी गई है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *