तारिक सिद्दीक़ी| सहारनपुर4 मिनट पहले
- कॉपी लिंक

सहारनपुर पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन तस्करों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 611 ग्राम अवैध स्मैक बरामद हुई है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 1 करोड़ 22 लाख रुपये बताई जा रही है। तीतरों थाना पुलिस ने सोमवार को ‘ऑपरेशन सवेरा’ अभियान के तहत यह कार्रवाई की।
सीओ अशोक सिसौदिया ने बताया कि डीआईजी अभिषेक सिंह के निर्देश पर ‘ऑपरेशन सवेरा-नशे के अंधकार से जीवन के उजाले की ओर’ अभियान चलाया जा रहा है। एसएसपी अभिनंदन के निर्देशन में जिलेभर में मादक पदार्थों की तस्करी रोकने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है।
चेकिंग के दौरान पुलिस ने दबोचे आरोपी तीतरों थाना प्रभारी विकास चारण के नेतृत्व में पुलिस टीम चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान गांव बरसी मोड़ स्थित विश्राम गृह के पास से तीनों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान इरफान पुत्र जमशेद निवासी कुतुबखेड़ी थाना गंगोह, परवेज पुत्र मतलूब निवासी नवाजपुर थाना नकुड़ और सालिम पुत्र अली हसन निवासी चोतरा थाना झिंझाना जनपद शामली के रूप में हुई है।
तीन अन्य लोगों से लाई गई थी स्मैक पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे यह स्मैक तीन अन्य व्यक्तियों से लेकर आए थे। उन्हीं लोगों ने स्मैक बेचने के लिए स्थान तय किया था। आरोपी सालिम उनके कहने पर स्मैक खरीदने पहुंचा था। पुलिस के मुताबिक 43 ग्राम स्मैक सालिम को बेची जा चुकी थी और उसके पैसे पहले ही उन तीनों व्यक्तियों द्वारा ले लिए गए थे। अब पुलिस इस पूरे नेटवर्क और तस्करी से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी है।
आरोपी सालिम पर पहले से दर्ज हैं कई मुकदमे पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार आरोपी सालिम के खिलाफ पहले से कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। उसके खिलाफ गंगोह और कैराना थानों में एनडीपीएस एक्ट के अलावा लूट और चोरी से जुड़े मामले भी दर्ज बताए गए हैं।
पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ तीतरों थाने में एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। कानूनी कार्रवाई के बाद आरोपियों को कोर्ट में पेश किया जा रहा है। इस कार्रवाई को अंजाम देने वाली टीम में उपनिरीक्षक कृष्ण कुमार, हेड कांस्टेबल हनी सिंह, कांस्टेबल अमित कुमार, रविंद्र कुमार और रवि कुमार पिप्पल शामिल रहे।
