![]()
अयोध्या में मिल्कीपुर-खजुराहट मार्ग पर रविवार शाम एक सड़क हादसे में बाइक सवार ब्रजेश सिंह (48) की मौत हो गई। उन्हें एक अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी थी। सूचना मिलने पर चौकी प्रभारी राणा दिग्विजय सिंह मौके पर पहुंचे और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। इनायत नगर थाना क्षेत्र के ग्राम पलिया लोहानी निवासी ब्रजेश सिंह पुत्र स्वाभिमन्नू सिंह रविवार शाम करीब 5 बजे अपनी हीरो एचएफ डीलक्स बाइक से मिल्कीपुर जा रहे थे। मिल्कीपुर-खजुराहट रोड पर खड़भड़िया तिराहे के पास सामने से आ रहे एक अज्ञात तेज रफ्तार वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि ब्रजेश सिंह सड़क पर गिर गए और उन्हें सिर व शरीर पर गंभीर चोटें आईं। हादसे के बाद अज्ञात वाहन चालक मौके से फरार हो गया। राहगीरों की सूचना पर 108 एम्बुलेंस मौके पर पहुंची और घायल ब्रजेश सिंह को हैरिंग्टनगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। अस्पताल प्रशासन की सूचना पर पुलिस ने मृतक के परिजनों को हादसे की जानकारी दी। ब्रजेश सिंह अपने पीछे चार बेटियां और एक 12 वर्षीय बेटा छोड़ गए हैं। उनकी एक बेटी का विवाह हो चुका है। परिवार में शोक का माहौल है। पुलिस ने अज्ञात वाहन और उसके चालक की तलाश शुरू कर दी है।
Source link
अयोध्या में अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइकसवार की मौत:घायल अवस्था में लेकर पहुंचे अस्पताल, डॉक्टरों ने मृत घोषित किया