संभल में ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटी, 10 से ज्यादा लोग घायल:मुंडन संस्कार के लिए हरि बाबा बांध जा रहे थे, 40 लोग सवार थे


संभल में बच्चों के मुंडन संस्कार के लिए गंगा जा रहे श्रद्धालुओं से भरी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली पलट गई। इस हादसे में दो-तीन मासूम बच्चों सहित 10 से अधिक लोग घायल हो गए। सभी घायलों को इलाज के लिए सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। यह घटना रविवार दोपहर करीब 12:30 बजे जनपद संभल की तहसील चंदौसी के थाना बहजोई क्षेत्र के गांव बहरौली ताहरपुर के पास हुई। ट्रैक्टर-ट्रॉली में 40 से 45 लोग सवार थे। सामने से आ रही एक बाइक को बचाने के प्रयास में ट्रैक्टर-ट्रॉली सड़क से कच्चे में उतर गई और अनियंत्रित होकर खंदी में पलट गई। गांव कुंवरपुर निवासी प्रमोद कुमार के बच्चों का मुंडन संस्कार तहसील गुन्नौर के थाना रजपुरा क्षेत्र के हरि बाबा बांध गंगा पर होना था। परिवार और गांव के कुछ लोग इसी कार्यक्रम के लिए ट्रैक्टर-ट्रॉली से जा रहे थे। घटना की सूचना मिलते ही थाना पुलिस और 108 एंबुलेंस मौके पर पहुंचीं। शुरुआत में दो एंबुलेंस से घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बहजोई में भर्ती कराया गया। बाद में एक बच्चे और एक बुजुर्ग महिला को बेहतर इलाज के लिए अन्य अस्पताल ले जाया गया। घायलों की पहचान प्रशांत (11 वर्षीय) पुत्र रामनिवास, अर्पित (13 वर्षीय) पुत्र ऑफिसर, जयमंती (60 वर्षीय) पत्नी मुलायम सिंह, जबर सिंह (50 वर्षीय) पुत्र खेमकरन, सत्यवती (48 वर्षीय) पत्नी महावीर, नवाब सिंह (52 वर्षीय) पुत्र सोहन, लाखन (45 वर्षीय) पुत्र जयपाल, वीर सिंह (60 वर्षीय) पुत्र किशन, ऋषिपाल (35 वर्षीय) पुत्र पोलेंडर और सोहन (40 वर्षीय) पुत्र रामप्रसाद के रूप में हुई है। थाना प्रभारी राजीव कुमार मलिक ने बताया कि सड़क हादसे में 8-10 लोग घायल हुए हैं और उनका इलाज अस्पताल में जारी है। ट्रैक्टर चालक ऋषिपाल सिंह ने पुष्टि की कि यह हादसा सामने से आ रही बाइक को बचाने के चक्कर में हुआ। गांव से दो किलोमीटर निकालने के बाद ही यह घटना हो गई है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *