Pilibhit Property Dispute Turns Black Magic Accusation

पीलीभीत4 मिनट पहले

  • कॉपी लिंक

पीलीभीत के सुनगढ़ी थाना क्षेत्र की नई बस्ती में पड़ोसियों के बीच संपत्ति विवाद अब ‘जादू-टोने’ के आरोप में बदल गया है। एक पक्ष ने अपने पड़ोसी पर घर के सामने ‘काला जादू’ करने का आरोप लगाया है, जिसके समर्थन में सीसीटीवी फुटेज भी पुलिस को सौंपा गया है।

नई बस्ती निवासी तेजराम गंगवार ने सुनगढ़ी थाने में शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि उनका पड़ोसी रोशनलाल से सिविल कोर्ट में संपत्ति को लेकर पुराना विवाद है। तेजराम के अनुसार, 11 मई 2026 की सुबह करीब 3:56 बजे रोशनलाल उनके घर के पास आए।

पुलिस कर रही मामले की जांच

सीसीटीवी फुटेज में दिख रहा है कि रोशनलाल ने तेजराम के घर की दक्षिण दीवार पर पानी छिड़का, घर पर लौंग जैसी वस्तुएं फेंकीं और फिर पश्चिम की दीवार के पास एक दीया जलाकर रख दिया। तेजराम ने अपनी शिकायत में कहा है कि इन हरकतों से उन्हें और उनकी बेटी को डर लग रहा है। उन्हें आशंका है कि रोशनलाल उन पर ‘जादू-टोना’ या ‘तामसिक क्रिया’ कर रहे हैं, जिससे उन्हें या उनकी बेटी को मानसिक या शारीरिक नुकसान हो सकता है।

इस मामले पर सुनगढ़ी थाना अध्यक्ष नरेश त्यागी ने बताया कि, ‘पीड़ित तेजराम गंगवार की ओर से लिखित शिकायत मिली है। इसमें ‘जादू-टोने’ जैसे आरोप लगाए गए हैं। पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है और मामले की गहनता से जांच की जा रही है।’ त्यागी ने आगे कहा कि, ‘जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।’

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *