बरेली में VHP कार्यकर्ताओं का जश्न:भोजशाला फैसले का स्वागत, भारत माता की प्रतिमा के सामने मनाई खुशी


बरेली में विश्व हिंदू परिषद (VHP) के कार्यकर्ताओं ने मध्य प्रदेश हाईकोर्ट के भोजशाला संबंधी फैसले का स्वागत किया। इंदौर बेंच द्वारा धार स्थित भोजशाला को मां वाग्देवी (सरस्वती) का मंदिर मानते हुए हिंदू पक्ष के पक्ष में दिए गए निर्णय के बाद शहर में भी इसका असर देखने को मिला। फैसले के बाद विभिन्न हिंदू संगठनों में खुशी की लहर दौड़ गई। बरेली में कार्यकर्ता कोतवाली थाना क्षेत्र स्थित सरस्वती शिशु मंदिर के पास भारत माता की प्रतिमा के सामने एकत्र हुए और जश्न मनाया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाई और पटाखे फोड़कर खुशी जाहिर की। मौके पर “जय मां सरस्वती” और “सनातन धर्म की जय” के नारे लगाए गए, जिससे पूरा इलाका गूंज उठा। संगठन पदाधिकारियों ने इस निर्णय को हिंदू आस्था, संस्कृति और सनातन परंपरा की बड़ी जीत बताया। उनका कहना था कि भोजशाला करोड़ों हिंदुओं की आस्था का केंद्र है और अदालत का फैसला वर्षों से चली आ रही भावनाओं का सम्मान करता है। कार्यकर्ताओं ने भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (ASI) द्वारा परिसर के संरक्षण के फैसले का भी स्वागत किया। साथ ही केंद्र सरकार से मांग की कि विदेशों में मौजूद मां वाग्देवी की प्राचीन प्रतिमा को भारत वापस लाने के लिए प्रयास किए जाएं। इस मौके पर बड़ी संख्या में संगठन के पदाधिकारी, कार्यकर्ता और स्थानीय लोग मौजूद रहे।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *