जालौन में ट्रैक्टर पलटने से किसान की मौत:जालौन में गेहूं बेचकर घर लौटते समय हुआ हादसा, परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल


जालौन के चुर्खी थाना क्षेत्र में शुक्रवार देर शाम सड़क हादसे में किसान की मौत हो गई। गेहूं बेचकर घर लौट रहे किसान का ट्रैक्टर अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गया, जिससे ट्रैक्टर के नीचे दबकर किसान की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है। प्राप्त जानकारी के अनुसार चुर्खी थाना क्षेत्र के ग्राम स्वरूपपुर निवासी 48 वर्षीय वीरपाल सिंह शुक्रवार को उरई गल्ला मंडी में अपना गेहूं बेचने गए थे। देर शाम वह ट्रैक्टर लेकर वापस अपने गांव लौट रहे थे। बताया जा रहा है कि जब वह चुर्खी रोड पर पहुंचे, तभी अचानक ट्रैक्टर अनियंत्रित हो गया और सड़क किनारे पलट गया। हादसा इतना भीषण था कि वीरपाल सिंह ट्रैक्टर के नीचे दब गए और गंभीर चोट लगने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के समय आसपास से गुजर रहे लोगों ने तेज आवाज सुनकर मौके की ओर दौड़ लगाई। स्थानीय लोगों ने ट्रैक्टर के नीचे दबे किसान को बाहर निकालने का प्रयास किया, लेकिन तब तक उनकी सांसें थम चुकी थीं। घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही चुर्खी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक किसान वीरपाल सिंह खेती-किसानी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करते थे। उनकी अचानक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में भी इस हादसे को लेकर गहरा शोक व्याप्त है। मृतक के परिजन मंगल सिंह ने बताया कि वीरपाल सिंह परिवार के जिम्मेदार सदस्य थे और उनकी मौत से पूरा परिवार सदमे में है। प्रारंभिक तौर पर ट्रैक्टर के अनियंत्रित होने को हादसे की वजह माना जा रहा है, हालांकि पुलिस हर पहलू पर जांच कर रही है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *