![]()
सुलतानपुर में समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय प्रवक्ता राजकुमार भाटी के कथित बयान को लेकर ब्राह्मण समाज में रोष व्याप्त है। देव पुरोहित महासभा ने उनके खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज करने की मांग की है। संगठन का आरोप है कि इस बयान के माध्यम से समाज में वैमनस्यता और जातीय संघर्ष फैलाने का प्रयास किया गया है। यह मामला सोशल मीडिया और प्रिंट मीडिया पर प्रसारित एक बयान से संबंधित है। देव पुरोहित महासभा उत्तर प्रदेश के अध्यक्ष प्रवीण कुमार तिवारी के नेतृत्व में संगठन के पदाधिकारियों ने इस बयान का कड़ा विरोध किया है। शिकायती पत्र में बताया गया है कि 5 मई को राजकुमार भाटी ने एक प्रेस वार्ता के दौरान एक दोहे का उल्लेख करते हुए कथित रूप से कहा था कि ‘ब्राह्मण वेश्या से बदतर है’। महासभा के अध्यक्ष प्रवीण कुमार तिवारी ने कहा कि सपा प्रवक्ता के इस वक्तव्य से ब्राह्मण समाज की भावनाएं आहत हुई हैं और उनमें तीव्र रोष है। शिकायती पत्र में यह आरोप लगाया गया है कि राजकुमार भाटी ने जानबूझकर एक जाति विशेष को निशाना बनाया है। उनका उद्देश्य समाज में वैमनस्यता, नफरत और द्वेष फैलाना था।संगठन के पदाधिकारियों ने चेतावनी दी है कि इस प्रकार की अपमानजनक टिप्पणियों से क्षेत्र में शांति व्यवस्था भंग हो सकती है और जातीय संघर्ष की स्थिति उत्पन्न हो सकती है। देव पुरोहित महासभा ने पुलिस और जिला प्रशासन से आरोपी प्रवक्ता के खिलाफ तत्काल विधिक कार्रवाई करते हुए मुकदमा दर्ज करने की मांग की है। ज्ञापन सौंपने वालों में देव पुरोहित महासभा के अध्यक्ष प्रवीण कुमार तिवारी के अतिरिक्त अनिल द्विवेदी, सर्वेश कुमार मिश्र, अजय कुमार मिश्रा, आचार्य गोपाल द्विवेदी, अमरनाथ तिवारी, अभय तिवारी, प्रवीण कुमार द्विवेदी, महेश तिवारी और आलोक कुमार मिश्रा सहित अन्य पदाधिकारी शामिल थे।
Source link
राजकुमार भाटी के बयान पर मुकदमा दर्ज करने की मांग:देव पुरोहित महासभा ने सुलतानपुर में पुलिस-प्रशासन को सौंपा शिकायती पत्र