सहारनपुर में 25 हजार का इनामी मुठभेड़ में अरेस्ट:दो गोकश हुए अरेस्ट, पुलिस पर फायरिंग की, गोकशी के मुकदमें था फरार


सहारनपुर में पुलिस की 25 हजार के इनामी बदमाश से मुठभेड़ हो गई। चेकिंग में पुलिस ने पकड़ने का प्रयास किया लेकिन बाइक सवार बदमाशों ने पुलिस पर ही फायरिंग कर दी। काउंटर फायरिंग में दो बदमाश को अरेस्ट किया है। जबकि एक बदमाश अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। पुलिस ने दोनों आरोपियों के कब्जे से अवैध तमंचे, कारतूस और बिना नंबर प्लेट की बाइक बरामद की है। मामला थाना बेहट क्षेत्र का है। सीओ बेहट प्रिया यादव ने बताया कि थाना बेहट पुलिस देर रात जनता रोड स्थित शाहपुर मोड़ पर संदिग्ध वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान जनता रोड की ओर से एक बाइक पर दो युवक आते दिखाई दिए। पुलिस ने टॉर्च की रोशनी दिखाकर उन्हें रुकने का इशारा किया, लेकिन दोनों युवक बाइक मोड़कर संसारपुर की ओर भागने लगे। पुलिस टीम ने पीछा किया तो कुछ दूरी पर तेज रफ्तार के कारण बाइक फिसलकर गिर गई। खुद को घिरता देख दोनों बदमाशों ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली एक बदमाश के बाएं पैर में लगी, जिससे वो घायल होकर गिर पड़ा। पुलिस ने उसे मौके से गिरफ्तार कर लिया, जबकि दूसरे आरोपी को भी दबोच लिया गया। घायल बदमाश की पहचान आसिफ पुत्र जलील निवासी ग्राम खिडका भटकव्वा थाना बेहट के रूप में हुई है। वो 25 हजार रुपए का इनामी अपराधी है और थाना बेहट में दर्ज गौकशी के मुकदमे में फरार चल रहा था। पुलिस के अनुसार, उसके खिलाफ जिले के विभिन्न थानों में गौकशी, मारपीट और आर्म्स एक्ट समेत कुल आठ मुकदमे दर्ज हैं। दूसरे आरोपी की पहचान आदिल पुत्र अल्ताफ निवासी मोहल्ला कस्साबान, कस्बा व थाना बेहट के रूप में हुई। उसके खिलाफ भी जिले के अलग-अलग थानों में चार मुकदमे दर्ज बताए गए हैं। पुलिस ने आसिफ के कब्जे से एक अवैध तमंचा .315 बोर, एक जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस और घटना में प्रयोग की गई बिना नंबर प्लेट की बाइक बरामद की। वहीं आदिल के पास से भी एक अवैध तमंचा .315 बोर, एक जिंदा और एक खोखा कारतूस बरामद हुआ है। घायल आरोपी को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *