सफाई मित्रों को दो जगह से वेतन मिलने का आरोप:आगरा और फिरोजाबाद नगर निगम से पैसे लेने का आरोप, पार्षद मुनेंद्र यादव ने जांच की मांग की


फिरोजाबाद नगर निगम में आउटसोर्स के माध्यम से तैनात सफाई मित्रों के वेतन को लेकर एक नया विवाद सामने आया है। पार्षद मुनेंद्र यादव ने आरोप लगाया है कि कुछ सफाई कर्मचारियों का वेतन आगरा और फिरोजाबाद नगर निगम, दोनों जगहों से निकाला जा रहा है। उन्होंने इस मामले में शिकायत दर्ज कराते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है। जानकारी के अनुसार, 30 अक्टूबर 2023 को जिलाधिकारी की अध्यक्षता में हुई। जिला स्तरीय उद्योग बंधु समिति की बैठक में औद्योगिक क्षेत्रों नुनिहाई, फाउंड्री नगर और ट्रांसपोर्ट नगर की सफाई व्यवस्था सुधारने के निर्देश दिए गए थे। इन क्षेत्रों में नियमित सफाई मित्रों की कमी के कारण आउटसोर्स के माध्यम से कर्मचारियों की तैनाती का प्रस्ताव तैयार किया गया था। नगर निगम प्रशासन ने सफाई व्यवस्था को मजबूत करने के लिए आउटसोर्स सेवा प्रदाता मैसर्स अग्रवाल एंड कंपनी के माध्यम से कर्मचारियों को रखने के लिए प्रशासनिक और वित्तीय स्वीकृति मांगी थी। पार्षद मुनेंद्र यादव ने अब इस पूरे मामले में गंभीर अनियमितताओं का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि अब तक 15 से 20 ऐसे कर्मचारियों के नाम सामने आए हैं, जिनका वेतन कथित तौर पर दो नगर निगमों से निकाला जा रहा है। उन्होंने दावा किया कि यदि मामले की गहन जांच की जाए तो एक बड़ा घोटाला उजागर हो सकता है। पार्षद ने यह भी आरोप लगाया कि सफाई व्यवस्था के नाम पर पारदर्शिता नहीं बरती जा रही है और नियुक्ति प्रक्रिया से लेकर भुगतान तक कई सवाल खड़े हो रहे हैं। उन्होंने पूरे प्रकरण की उच्चस्तरीय जांच कराने और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। वहीं, नगर निगम प्रशासन का कहना है कि औद्योगिक क्षेत्रों में सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने के उद्देश्य से ही कर्मचारियों की तैनाती की गई थी। प्रशासन ने यह भी कहा कि यदि किसी प्रकार की शिकायत प्राप्त होती है, तो उसकी जांच कराई जाएगी।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *