![]()
आजमगढ़ के दौरे पर पहुंचे उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने जिले के अतरौलिया विधानसभा के डाक बंगले में जनता की समस्याओं को सुना। इसके साथ ही बड़ी संख्या में जनता की समस्याओं के समाधान के निर्देश भी अधिकारियों को दिए गए। सरकार के मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पेट्रोलियम पदार्थों को लेकर आम जनता को दिए गए संदेश को सही बताते हुए कहा कि प्रधानमंत्री की यह अपील राष्ट्रहित में है।
अमेरिका ईरान युद्ध के कारण बढ़ रही है तेल की कीमतें
पेट्रोल और डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी के सवाल पर मंत्री ओम राजभर ने कहा कि इसका मुख्य कारण ईरान और अमेरिका के बीच चल रहा युद्ध है। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय संघर्षों का सीधा असर आयात-निर्यात और तेल आपूर्ति पर पड़ता है। जिससे कीमतों में उछाल आता है। उन्होंने उम्मीद जताई कि हालात सामान्य होते ही आम जनता को राहत मिलेगी।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से सोने की खरीद और मितव्ययिता को लेकर की गई अपील का समर्थन करते हुए राजभर ने कहा कि प्रधानमंत्री के सभी निर्णय राष्ट्रहित में होते हैं। देश की खुशहाली और अमन-चैन के लिए जनता को प्रधानमंत्री की बातों का अनुसरण करना चाहिए।
विपक्ष द्वारा सरकार पर फिजूलखर्ची के लगाए जा रहे आरोपों पर पलटवार करते हुए मंत्री ने कहा कि विपक्ष केवल विरोध की राजनीति कर रहा है। प्रधानमंत्री स्वयं अपने काफिले को छोटा कर मितव्ययिता का संदेश दे रहे हैं।
समाजवादी पार्टी के एक प्रवक्ता द्वारा ब्राह्मण समाज पर दिए गए विवादित बयान की निंदा करते हुए राजभर ने कहा कि ब्राह्मण समाज देश की विद्वान परंपरा का प्रतिनिधित्व करता है। उन्होंने आरोप लगाया कि समाजवादी पार्टी के नेता समाज में जातीय तनाव फैलाने का काम कर रहे हैं।
Source link