![]()
आगरा में चर्चित राज चौहान हत्याकांड में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। हत्या के षड्यंत्र में शामिल अभियुक्त आलोक यादव को बी-वारंट पर फिरोजाबाद जेल से आगरा लाया गया। कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां कोर्ट ने उसकी पुलिस रिमांड मंजूर कर ली। आगरा के ट्रांस यमुना क्षेत्र में 23 जनवरी की रात को टेढी बगिया पर राज चौहान की ताबड़तोड़ फायरिंग कर हत्या कर दी गई थी। पुलिस ने इस हत्याकांड में शामिल मुख्य आरोपी को एनकाउंटर में मारा गिराया था। इस मामले में गैंगस्टर मोनू यादव और आलोक यादव का नाम भी चर्चा में आया था। पिछले दिनों मोनू यादव को पुलिस ने एनकाउंटर के बाद गिरफ्तार कर लिया, जबकि आलोक यादव पहले से जेल में बंद था। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस लगातार आरोपियों की तलाश और साजिश के पहलुओं की जांच में जुटी हुई थी।
पुलिस के अनुसार, आलोक यादव पर करीब डेढ़ दर्जन आपराधिक मुकदमे पहले से दर्ज हैं और उसका लंबा आपराधिक इतिहास रहा है। ऐसे में जांच एजेंसियां उसे इस पूरे षड्यंत्र का अहम किरदार मान रही हैं।
रिमांड मिलने के बाद पुलिस को उम्मीद है कि पूछताछ में कई अहम खुलासे हो सकते हैं, जिससे हत्या के पीछे की साजिश और इसमें शामिल अन्य आरोपियों की भूमिका स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल पुलिस पूरे नेटवर्क को खंगालने और मामले की तह तक पहुंचने में जुटी है।
आलोक यादव पर 18 मुकदमे दर्ज
आलोक यादव पर आगरा के अलग-अलग थानों में 18 मुकदमे दर्ज है। वो 50 हजार का इनामी बदमाश है।
Source link
राज चौहान हत्याकांड में गैंगस्टर आलोक यादव से होगी पूछताछ:पुलिस बी-वारंट पर फिरोजाबाद जेल से आगरा लाई