![]()
लखीमपुर में सीबीएसई बोर्ड की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले जिला टॉपर्स को सम्मानित किया गया। जिलाधिकारी अंजनी कुमार सिंह ने कलेक्ट्रेट स्थित अपने कार्यालय में मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस वर्ष अजमानी पब्लिक स्कूल के विद्यार्थियों ने जिले में शानदार प्रदर्शन करते हुए शीर्ष स्थान हासिल किया। इंटरमीडिएट वर्ग में छात्र हर्षित सिंह राना ने 97.6 प्रतिशत अंक प्राप्त कर जिले में प्रथम स्थान प्राप्त किया। वहीं, हाईस्कूल वर्ग में अपूर्वा विश्वकर्मा ने जिले में पहला स्थान हासिल कर विद्यालय और जनपद का गौरव बढ़ाया।
सम्मान समारोह के दौरान जिलाधिकारी ने कहा कि विद्यार्थियों की कड़ी मेहनत, शिक्षकों के उचित मार्गदर्शन और अभिभावकों के सहयोग से ही ऐसे उत्कृष्ट परिणाम संभव हो पाते हैं। उन्होंने सभी मेधावी विद्यार्थियों को भविष्य में भी इसी लगन और अनुशासन के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। विद्यालय में टॉपर्स की इस सफलता पर खुशी का माहौल रहा। शिक्षकों और अभिभावकों ने मेधावी छात्रों को मिठाई खिलाकर बधाई दी। विद्यालय प्रबंधन ने बताया कि छात्रों ने अनुशासित अध्ययन और निरंतर परिश्रम के दम पर यह महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। हर्षित सिंह राना ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता और शिक्षकों को दिया। अपूर्वा विश्वकर्मा ने बताया कि नियमित अध्ययन, आत्मविश्वास और सकारात्मक सोच से ही उन्हें यह सफलता मिली है। विद्यालय परिवार ने दोनों छात्रों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
Source link
सीबीएसई जिला टॉपर्स का डीएम ने किया सम्मान:अजमानी पब्लिक स्कूल के छात्रों ने जिले का मान बढ़ाया