किराना की दुकान से युवक का अपहरण, मां हुई घायल:दो कार में सवार होकर आए आरोपी, मां के पैर पर पहिया चढ़ा, हालत गंभीर


लोहियानगर में शुक्रवार शाम किराना की दुकान चलाने वाले युवक को अगवा कर लिया गया। आरोपी दो कार से वहां पहुंचे थे। कार से उतरकर अचानक दुकान में पहुंचे और युवक को खींचकर गाड़ी में डाल लिया। मां ने कार को रोकने का प्रयास किया लेकिन पहिया पैर में चढ़ गया, जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गई। परिजनों की तहरीर पर पुलिस छानबीन कर रही है। पहले एक नजर वारदात पर
लोहिया नगर में मनोज कुमार का परिवार रहता है। उन्होंने मकान के अगले हिस्से में ही किराना स्टोर खोला है। शुक्रवार शाम मनोज की पत्नी सुशीला अपने बेटे गगन के साथ दुकान पर थी। अचानक दो कार आकर वहां रुकीं। दोनों कार से कुछ युवक बाहर निकले। वह सीधे दुकान में पहुंचे और गगन को दबोच लिया। जबरन बाहर लाकर गाड़ी में डाल लिया और फरार हो गए। मां ने किया कार रोकने का प्रयास
बेटे गगन के चिल्लाने की आवाज पर अंदर मौजूद मां सुशीला बाहर की तरफ दौड़ी। वह जोर-जोर से चिल्लाने लगीं। सुशीला ने कार की खिड़की पकड़ ली लेकिन चालक ने कार दौड़ा दी। बताया जाता है कि इसी दौरान महिला के पैर पर कार का पहिया चढ़ गया और वह नीचे गिर गई। आरोपी गगन को लेकर फरार हो गए। महिला अस्पताल में भर्ती
शोर सुनकर आसपास के लोग इकट्‌ठा हो गए। उन्होंने देखा सुशीला दर्द से कराह रही हैं। सुशीला ने बताया कि बदमाश बेटे गगन का अपहरण कर ले गए हैं। आनन-फानन में लोग सुशीला को लेकर अस्पताल आ गए और भर्ती करा दिया। सुशीला के पैर के पंजे में फ्रेक्चर हुआ है। इलाज चल रहा है। डायल 112 पर सूचना दी गई। कुछ ही देर में लोहियानगर पुलिस भी पहुंच गई। पहले तो यह अंदाजा लगाया जा रहा था कि यह एसओजी हो सकती है लेकिन फिर पता चला कि यह किसी और का काम है। पुलिस ने तफ्तीश शुरु की। आसपास लगे सीसीटीवी खंगाले जा रहे हैं। इसी बीच गुस्साए परिजनो ने थाने में हंगामा किया।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *