तूफान से रायबरेली में दो की मौत:सात घायल, जनजीवन अस्त-व्यस्त; कई वाहन क्षतिग्रस्त


रायबरेली के ऊंचाहार कोतवाली क्षेत्र में बुधवार देर शाम आए भीषण तूफान ने भारी तबाही मचाई। इस प्राकृतिक आपदा में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि सात अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों में एक युवक की हालत नाजुक बताई जा रही है, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया है। तूफान के दौरान पहली घटना पूरे जीत (मजरे इटौरा बुजुर्ग) गांव में हुई। किसान चंद्रभान पाल अपने खेत में काम कर रहे थे, तभी तेज बवंडर के कारण एक विशालकाय पेड़ उन पर गिर गया। पेड़ के नीचे दबने से चंद्रभान की मौके पर ही मौत हो गई। दूसरी घटना पूरे शिव गुलाम (मजरे अरखा) गांव में हुई। रितम यादव नामक युवती तूफान से बचने के लिए घर के अंदर गई थी। घर में अंधेरा होने के कारण वह इनवर्टर चालू कर रही थी, तभी बिजली के करंट की चपेट में आने से उसकी मौत हो गई। तूफान की तीव्रता इतनी अधिक थी कि कई स्थानों पर दीवारें और टीन शेड धराशायी हो गए। सवैया मीरा की दीपांशी टीन शेड गिरने से घायल हुईं। पूरे किसूनी के भारत लाल, जमुनापुर के देवकरन और सराय तुला की प्रीति दीवार गिरने से मलबे में दबकर घायल हो गए। कोटिया चित्रा निवासी आभा श्रीवास्तव तूफान की घबराहट में सीढ़ियों से गिरकर चोटिल हो गईं। मतीन गंज के शिव शंकर पर पेड़ गिरने से वह गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें जिला अस्पताल भेजा गया है। खोजनपुर गांव में दीपक कुमार की दीवार गिरने से उनकी एक बकरी की भी मौत हो गई। तूफान के कारण जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया। कई स्थानों पर पेड़ गिरने से तीन कारें और चार मोटरसाइकिलें क्षतिग्रस्त हो गईं। बिजली के खंभे और तार भी टूट गए, जिससे कई इलाकों में विद्युत आपूर्ति बाधित हुई।स्थानीय प्रशासन ने प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर राहत और बचाव कार्य शुरू कर दिया है। नुकसान का आकलन किया जा रहा है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *