देवरिया में आंधी-बारिश, पेड़ और खंभे गिरे:रास्ता ब्लॉक, परेशान हुए लोग, सब्जी की फसलों को नुकसान


देवरिया में बुधवार शाम करीब 5:30 बजे अचानक मौसम बदल गया। तेज आंधी और बारिश ने भीषण गर्मी से राहत दी, लेकिन कई स्थानों पर भारी नुकसान भी पहुंचाया। आंधी इतनी तेज थी कि जगह-जगह पेड़, उनकी डालियां, विद्युत पोल, होर्डिंग और बैनर टूटकर सड़कों पर गिर गए, जिससे यातायात बुरी तरह प्रभावित हुआ। शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में तेज हवाओं के कारण अफरा-तफरी मच गई। कई इलाकों में बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। सड़कों पर गिरे पेड़ों के कारण वाहनों की आवाजाही रुक गई, जिसे बाद में स्थानीय लोगों और प्रशासन की मदद से बहाल किया गया। पकड़ी बाजार के कन्हौली पेट्रोल पंप के पास पेड़ गिरने से आवागमन ठप हो गया, वहीं भाटपाररानी कस्बे में रेलवे स्टेशन के समीप एक विद्युत पोल गिर गया, जिससे बिजली आपूर्ति प्रभावित हुई। आंधी-बारिश से किसानों को भी बड़ा नुकसान हुआ है। तरकुलवा, बरियारपुर और रामपुर कारखाना जैसे क्षेत्रों में तरोई, नेनुआ, लौकी और भिंडी जैसी सब्जियां भूमि पर धराशायी हो गईं। किसानों के सैकड़ों बीघा खेत में फसलें बर्बाद होने की आशंका है, जिससे उन्हें भारी आर्थिक नुकसान का डर सता रहा है। इस मौसम बदलाव से तापमान में गिरावट दर्ज की गई, जिससे पिछले कई दिनों से पड़ रही उमस भरी गर्मी से लोगों को काफी राहत मिली। हालांकि, ग्रामीण क्षेत्रों में कुछ कच्चे मकानों और टीनशेड को भी आंशिक नुकसान पहुंचा है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले 24 घंटों के दौरान भी मौसम में बदलाव की संभावना है। प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम में सावधानी बरतने और पेड़ों व कमजोर ढांचों से दूर रहने की अपील की है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *