शुभम | मेरठ3 मिनट पहले
- कॉपी लिंक

मेरठ में ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (AIMIM) के कार्यकर्ताओं ने महाराष्ट्र सरकार के मंत्री नितेश राणे के खिलाफ प्रदर्शन किया। पार्टी के मेरठ जिलाध्यक्ष चौधरी फईम राजा एडवोकेट के नेतृत्व में जिलाधिकारी कार्यालय पर राष्ट्रपति को संबोधित एक ज्ञापन सौंपा गया। यह ज्ञापन नितेश राणे द्वारा AIMIM अध्यक्ष असदुद्दीन ओवैसी की तुलना आतंकी ओसामा बिन लादेन से करने के विरोध में दिया गया।
ज्ञापन में कहा गया कि नितेश राणे ने हाल ही में बैरिस्टर असदुद्दीन ओवैसी को आतंकी सरगना ओसामा बिन लादेन जैसा बताया था। इसके साथ ही उन्होंने AIMIM को एक आतंकवादी संगठन और मदरसों को आतंकवादियों का ठिकाना करार दिया था। इन बयानों को लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं में भारी रोष है।



चौधरी फईम राजा ने बताया कि AIMIM चुनाव आयोग में पंजीकृत एक वैध राजनीतिक दल है, जिसके लाखों समर्थक हैं। उन्होंने मांग की कि महाराष्ट्र सरकार नितेश राणे को मंत्रिमंडल और विधायक पद से तत्काल बर्खास्त करे। इसके अलावा, उनके खिलाफ गैरकानूनी गतिविधियां (रोकथाम) अधिनियम (UAPA) के तहत सख्त कार्रवाई की जाए।
AIMIM जिलाध्यक्ष ने आरोप लगाया कि नितेश राणे जैसे नेता देश में हिंदू-मुस्लिम की राजनीति कर रहे हैं, जो समाज के लिए हानिकारक है। उन्होंने कहा कि ऐसे भड़काऊ बयान देने वालों को पद पर बने रहने का कोई अधिकार नहीं है और उनकी विधानसभा सदस्यता भी रद्द की जानी चाहिए। पार्टी ने ऐसे लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है ताकि देश में सद्भाव बना रहे।
इस दौरान अफजाल अहमद हस्तिनापुर विधान सभा अध्यक्ष, मौलाना आदिल विधान सभा अध्यक्ष, उमर हबीब पश्चिमी विधानसभा अध्यक्ष, आशबनम सैफी जिला अध्यक्ष महिला विंग फुरकान जिला महासचिव, उसमान सैफी, जिला अध्यक्ष शहजाद इदरीशी, चादनी बान, तनसीर सैफी, हाशिम मेवाती, रोशनजंहा, जैनब खान, फहीम अंसारी, अब्दुल रहमान, लारेब, हैदर अली, शाहरूख अंसारी मौजूद रहे।
