![]()
फिरोजाबाद में लखनऊ एक्सप्रेस-वे पर मंगलवार को एक रोडवेज बस और टैंकर के बीच टक्कर हो गई। यह हादसा थाना नगला खंगर क्षेत्र में आगरा से लखनऊ की ओर जा रही बस के टैंकर से टकराने के कारण हुआ। इस दुर्घटना में बस में सवार कई यात्री घायल हो गए। पुलिस के अनुसार, यह घटना किलोमीटर संख्या 61 पर हुई। बस संख्या NL 02 B 5005 ने टैंकर संख्या UP 85 AT 3631 को पीछे से टक्कर मारी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस में सवार यात्रियों के बीच हड़कंप मच गया। हादसे में नितिन पुत्र मुन्नू लाल (निवासी विकास नगर, लखनऊ), उनकी पत्नी नीतू, निशा यादव पत्नी सुभाष साहनी, मंजू देवी पत्नी राम प्रसाद (निवासी राजीव नगर, दिल्ली) सहित कई लोग घायल हुए। इसके अतिरिक्त, ट्रक/क्रेन चालक धुर्व पुत्र भूप सिंह (निवासी महावन, मथुरा) को भी चोटें आईं।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और यूपीडा की टीम तत्काल मौके पर पहुंची। गंभीर रूप से घायल यात्रियों को एंबुलेंस की मदद से पीजीआई सैफई भेजा गया। वहीं, जुबेर पुत्र परवेज (निवासी दिल्ली) और राजकुमार पुत्र बृजपाल (निवासी मोहनगंज, अमेठी) को उपचार के लिए शिकोहाबाद अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने क्रेन की सहायता से क्षतिग्रस्त बस और टैंकर को सड़क किनारे हटवाकर यातायात को सुचारु कराया। अन्य यात्रियों को वैकल्पिक वाहनों से उनके गंतव्य स्थानों के लिए रवाना किया गया। हादसे के कारण एक्सप्रेस-वे पर कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा।
Source link
लखनऊ एक्सप्रेस-वे पर बस-टैंकर की टक्कर:फिरोजाबाद में कई यात्री घायल, पुलिस ने ट्रैफिक खाली कराया