रामपुर सीएम डैशबोर्ड रैंकिंग में प्रदेश में पहले स्थान पर:DM की सख्त मॉनिटरिंग से विकास, रोजगार और राजस्व कार्यों में आई तेजी


रामपुर जिलाधिकारी अजय कुमार द्विवेदी की सख्त निगरानी और प्रशासनिक सक्रियता के परिणामस्वरूप जनपद ने मुख्यमंत्री डैशबोर्ड की अप्रैल 2026 रैंकिंग में प्रदेश में पहला स्थान प्राप्त किया है। विकास योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन, रोजगार कार्यक्रमों में तेजी और राजस्व वसूली अभियान की प्रभावी निगरानी के चलते यह उपलब्धि हासिल हुई है। जिलाधिकारी के निर्देश पर, एक जनपद-एक उत्पाद (ओडीओपी) योजना के तहत युवाओं और महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़ने के लिए विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू किया गया है। इसमें पैचवर्क, जरीवर्क, एक्रिलिक वर्क और मेन्था ट्रेड में दस दिवसीय प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्रशासन का मानना है कि इससे स्थानीय उद्योगों को मजबूती मिलेगी और युवाओं को आत्मनिर्भर बनने का अवसर प्राप्त होगा। आवेदन प्रक्रिया 15 जून तक ऑनलाइन जारी रहेगी। रोजगार मेले का आयोजन किया जा रहा रोजगार सृजन के मोर्चे पर भी प्रशासन सक्रिय है। जिलाधिकारी के निर्देश पर 12 मई को जिला सेवायोजन कार्यालय में एक रोजगार मेले का आयोजन किया जा रहा है। इस मेले में कई निजी कंपनियां हाईस्कूल, इंटरमीडिएट, स्नातक, आईटीआई और डिप्लोमा धारक अभ्यर्थियों को रोजगार के अवसर प्रदान करेंगी। मुख्यमंत्री डैशबोर्ड रैंकिंग में यह सफलता विकास योजनाओं की निरंतर समीक्षा और विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय का परिणाम है। जिले को ऊर्जा, स्वास्थ्य, शिक्षा, ग्राम विकास, नमामि गंगे और महिला कल्याण सहित कुल 55 योजनाओं में ‘ए’ ग्रेड प्राप्त हुआ है। राजस्व वसूली की समीक्षा बैठक में जिलाधिकारी ने अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए हैं। उन्होंने बड़े बकायेदारों के खिलाफ आरसी जारी करने, लंबित देयों की वसूली में तेजी लाने और भू-माफियाओं के विरुद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा। इसके अतिरिक्त, मत्स्य और कुम्हार योजनाओं से संबंधित लंबित पट्टों को एक माह के भीतर पूरा करने के निर्देश भी दिए गए हैं।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *