![]()
बदायूं जिले के उझानी कोतवाली क्षेत्र के नरऊ गांव में सोमवार सुबह एक 20 वर्षीय युवक का शव उसकी पशुशाला के गेट पर पड़ा मिला। परिजनों ने गांव के ही कुछ लोगों पर युवक की हत्या कर शव फेंकने का आरोप लगाया है। सूचना मिलने पर पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। मृतक की पहचान अमन पुत्र पिंटू के रूप में हुई है, जो खेती-किसानी का काम करता था। बड़े भाई अमरपाल ने बताया कि रविवार को अमन को घर के काम के लिए 20 हजार रुपये देकर सीमेंट और अन्य सामान लाने भेजा गया था। आरोप है कि रास्ते में गांव के पांच युवकों ने उसे पीटा, उसकी बाइक की चाबी और रुपये छीन लिए। इस संबंध में पुलिस को तहरीर दी गई थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। अमरपाल के अनुसार, रविवार रात अमन गांव वालों के साथ हाइवे पर गया था, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटा। सोमवार सुबह जब अमरपाल पशुओं को चारा देने पशुशाला पहुंचा, तो अमन का शव गेट पर पड़ा मिला। शव के गले पर निशान भी बताए जा रहे हैं। शव मिलने की खबर फैलते ही परिवार के सदस्यों और आसपास के ग्रामीण मौके पर जमा हो गए। भाई अमरपाल ने आरोप लगाया कि यदि पुलिस ने रविवार को ही आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की होती, तो उनके हौसले नहीं बढ़ते और अमन की जान नहीं जाती। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटनास्थल पर एक दुपट्टा भी बंधा मिला है, जिससे पुलिस आत्महत्या की आशंका पर भी विचार कर रही है। सीओ सुनील कुमार ने बताया कि पूरे मामले की गहनता से जांच की जा रही है और जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
Source link
बदायूं में युवक का शव पशुशाला गेट पर मिला:हत्या का आरोप लगाया, बड़े भाई का आरोप- 5 युवकों ने बीच रास्ते पीटा-लूटा