देवरिया में अज्ञात वाहन ने बाइक सवार को मारी टक्कर:युवक की मौत, लार बाजार से घर से लौटते समय हुआ हादसा


देवरिया के लार क्षेत्र में रविवार शाम रामजानकी मार्ग पर हुए एक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई। अज्ञात वाहन की टक्कर से गंभीर रूप से घायल युवक को महर्षि देवरहा बाबा मेडिकल कॉलेज ले जाया गया। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतक की पहचान लार थाना क्षेत्र के चौमुखा निवासी रोहित सिंह (25) पुत्र नरेंद्र सिंह के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, रोहित रविवार शाम लार बाजार से अपने गांव लौट रहे थे। शाम लगभग सात बजे रामजानकी मार्ग पर चोरडीहा गांव के पास एक अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि रोहित सड़क किनारे गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लार पहुंचाया। वहां चिकित्सक डॉ. संतोष कुमार और फार्मासिस्ट शमशाद आलम ने प्राथमिक इलाज किया। चिकित्सकों के मुताबिक, रोहित के सिर में गंभीर चोटें आई थीं। उनकी नाजुक हालत को देखते हुए उन्हें महर्षि देवरहा बाबा मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। परिजन घायल रोहित को मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचे, लेकिन जांच के बाद चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत की खबर से परिवार में मातम छा गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस ने बताया कि अज्ञात वाहन की तलाश की जा रही है और मामले की जांच जारी है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *