दिल्ली गैंगरेप- आरोपियों ने घर फोन करने की धमकी दी:पीड़ित ने कहा- कर दो, FIR की जानकारी सामने आई; DU छात्राओं ने निकाला मार्च


दिल्ली के कालकाजी मंदिर के पास आस्था कुंज पार्क में 17 साल की नाबालिग से गैंगरेप के मामले में FIR की जानकारी सामने आई है। हिंदुस्तान टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक, आरोपियों ने पीड़ित और उसके दोस्त को खुद को पुलिसकर्मी बताकर रोका था। आरोपियों ने पीड़ित को उसके घर फोन करने की धमकी दी थी। पीड़ित ने कहा कि उसके परिवार को उसके बाहर जाने की जानकारी है और वे चाहें तो फोन कर सकते हैं। वहीं, घटना के विरोध में DU की छात्राओं ने गर्गी और कमला नेहरू कॉलेज के बाहर मार्च निकालकर महिलाओं की सुरक्षा को लेकर कार्रवाई की मांग की। मंदिर जाने के बाद पार्क पहुंची थी पीड़ित FIR के मुताबिक, पीड़ित की मां काम पर थीं। उसने अपनी बड़ी बहन को 17 साल के दोस्त के साथ मंदिर जाने की जानकारी दी थी। दोनों शाम करीब 5:45 बजे कालकाजी मंदिर पहुंचे और करीब 7 बजे तक वहां रहे। इसके बाद उन्होंने मेट्रो स्टेशन के पास से चिप्स और पानी खरीदा और आस्था कुंज पार्क पहुंचे। दोनों पार्क के गेट नंबर 7 से अंदर गए और एक बेंच पर बैठ गए। तभी तीन आरोपी वहां पहुंचे। उन्होंने पीड़ित के दोस्त को पकड़कर थप्पड़ मारा और खुद को पुलिसकर्मी बताया। इसके बाद दोनों के मोबाइल फोन ले लिए गए और दोस्त को पार्क के दूसरे हिस्से में ले गए। पिस्तौल और चाकू दिखाकर धमकाया FIR के मुताबिक, दो आरोपियों ने पीड़ित को झाड़ियों की तरफ बुलाया। उसने उनसे कहा कि जो पूछना है, यहीं पूछें और उसकी मां से फोन पर बात कर लें। इसके बाद आरोपियों ने अपने तीसरे साथी को बुलाकर पिस्तौल निकालने को कहा। पीड़ित के बयान के मुताबिक, दो आरोपियों ने चाकू निकाले और उसे पार्क की एक अंधेरी जगह पर ले गए। वहां एक आरोपी ने चाकू उसकी गर्दन पर रखकर उसके साथ रेप किया। इसके बाद बाकी दो आरोपियों ने भी दूसरी जगह ले जाकर चाकू की नोक पर उसके साथ रेप किया। फोन लौटाकर जान से मारने की धमकी दी FIR के मुताबिक, घटना के बाद आरोपियों ने पीड़ित के कपड़े और दोनों के मोबाइल फोन वापस कर दिए। उन्होंने दोनों को जल्दी वहां से जाने और किसी को घटना के बारे में नहीं बताने की धमकी दी। इसके बाद पीड़ित ने अपने दोस्त को घटना बताई और उसने PCR को फोन किया। DU छात्राओं ने निकाला मार्च ANI के मुताबिक, शुक्रवार को दिल्ली यूनिवर्सिटी के अलग-अलग कॉलेजों के छात्रों ने गर्गी कॉलेज और कमला नेहरू कॉलेज के बाहर विरोध मार्च निकाला। प्रदर्शनकारी कालकाजी मंदिर के पास हुई घटना को लेकर कार्रवाई और महिलाओं की सुरक्षा के इंतजामों की मांग कर रहे थे। मौके पर भारी पुलिस बल तैनात रहा। DU की पूर्व छात्रा यक्ष शर्मा ने कहा कि यह मार्च सिर्फ छात्रों के लिए नहीं, बल्कि सभी महिलाओं की सुरक्षा के समर्थन में है। एक अन्य प्रदर्शनकारी अलंकार ने इलाके में रोशनी, पिंक बूथ और पुलिस मौजूदगी की कमी का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि स्थानीय लोग करीब तीन साल से इन समस्याओं को लेकर शिकायत कर रहे हैं।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *