'हम राहुल गांधी के सिपाही हैं, पीछे नहीं हटेंगे':सेठ अचल सिंह की जयंती समारोह में बोले कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय


स्वतंत्रता संग्राम सेनानी और पांच बार सांसद रहे सेठ अचल सिंह की 132वीं जयंती पर रविवार को पचकुइयां स्थित माथुर वैश्य सभागार में अचल ट्रस्ट की ओर से भव्य समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में गांधीवादी विचारधारा, सामाजिक समरसता और जनसेवा के मूल्यों पर वक्ताओं ने विस्तार से अपने विचार रखे। समारोह का शुभारंभ कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय, पूर्व मंत्री प्रदीप जैन आदित्य, ट्रस्ट अध्यक्ष शशि शिरोमणि, राजीव अग्रवाल और मनोज कुमार जैन वोहरा ने सेठ अचल सिंह के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन कर किया।
संगीत कला केंद्र के कलाकारों ने प्रतिभा केशव तालेगांवकर के निर्देशन में गांधीजी का प्रिय भजन “वैष्णव जन तो तेने कहिए” प्रस्तुत किया, जिससे सभागार का माहौल भक्तिमय हो गया। मुख्य अतिथि अजय राय ने अपने संबोधन में कहा कि देश में सेवा और त्याग की राजनीति की सबसे ज्यादा जरूरत है। उन्होंने आरोप लगाया कि वोट के बदले सामान बांटकर लोकतंत्र को कमजोर किया जा रहा है। उन्होंने कहा, “हम राहुल गांधी के सिपाही हैं, जनता की आवाज दबने नहीं देंगे। संघर्ष और कुर्बानी से पीछे नहीं हटेंगे।” अजय राय ने दावा किया कि वाराणसी में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को कड़ी चुनौती मिली थी और आने वाले समय में जनता भाजपा को जवाब देगी। कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे प्रदीप जैन आदित्य ने प्रदेश सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि विकास केवल कागजों तक सीमित है। उन्होंने आगरा में पानी, बिजली और सड़क जैसी समस्याओं का मुद्दा उठाते हुए स्मार्ट मीटर योजना को बड़ा घोटाला बताया। उन्होंने कहा कि सरकार दिखावे की राजनीति कर रही है, जबकि प्रदेश में शराब और भू-माफियाओं का प्रभाव बढ़ता जा रहा है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *