मुख्तार की फरार पत्नी आफ्शा अंसारी की तलाश में छापेमारी:1 घंटे तक चली कार्रवाई, पूर्व पालिका अध्यक्ष ने कहा- विरोधियों की साजिश


मऊ में रविवार को माफिया मुख्तार अंसारी की फरार पत्नी और 50 हजार रुपए की इनामी आफ्शा अंसारी की तलाश जारी। गाजीपुर और मऊ पुलिस की संयुक्त टीम ने पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष तैय्यब पालकी के मिर्जाहादीपुरा स्थित आवास पर छापेमारी की। करीब एक घंटे तक चली इस कार्रवाई से इलाके में हड़कंप मच गया और मऊ की राजनीति भी गरमा गई। तैय्यब पालकी ने इस कार्रवाई को विरोधियों की साजिश बताया है। घर के अलग-अलग कमरों की तलाशी पुलिस टीम ने घर के अलग-अलग कमरों की तलाशी ली। महिला पुलिसकर्मियों ने घर की महिलाओं से भी पूछताछ की। हालांकि, लंबी छानबीन के बाद भी पुलिस को आफ्शा अंसारी का कोई सुराग नहीं मिला और टीम खाली हाथ लौट गई। पुलिस के अनुसार, आफ्शा अंसारी के खिलाफ मऊ के दक्षिण टोला थाने में धोखाधड़ी, जालसाजी, लोक संपत्ति क्षति निवारण अधिनियम, गैंगस्टर एक्ट और धारा 174-ए सहित कई गंभीर मामलों में मुकदमे दर्ज हैं। गाजीपुर के विभिन्न थानों में भी उनके खिलाफ करीब दस मुकदमे दर्ज बताए जा रहे हैं। लंबे समय से फरार चल रहीं आफ्शा अंसारी की गिरफ्तारी के लिए दोनों जिलों की पुलिस लगातार दबिश दे रही है। महिलाओं से पहचान करने के लिए अलग से पूछताछ गाजीपुर के कासिमाबाद और मऊ के दक्षिण टोला थाने की संयुक्त पुलिस टीम भारी पुलिस बल के साथ तैय्यब पालकी के घर पहुंची थी। पुलिस ने पूरे मकान की गहन तलाशी ली और मौजूद लोगों से पूछताछ की। महिला पुलिसकर्मियों ने घर की महिलाओं से पहचान सुनिश्चित करने के लिए अलग से पूछताछ की, लेकिन कोई सफलता नहीं मिली। छापेमारी के बाद तैय्यब पालकी ने पुलिस कार्रवाई को राजनीति से प्रेरित बताते हुए कहा कि उनका संबंध मुख्तार अंसारी से केवल राजनीतिक स्तर तक ही सीमित था और परिवार से उनका कोई निजी संबंध नहीं रहा। उन्होंने आरोप लगाया कि जो लोग मुख्तार अंसारी परिवार के साथ उठते-बैठते और दावत करते रहे, उन पर प्रशासन की निगाहें क्यों नहीं जातीं। साथ ही उन्होंने आगामी नगर पालिका परिषद अध्यक्ष चुनाव लड़ने का भी दावा किया। मऊ नगर सीओ कृष राजपूत ने बताया- 50 हजार की इनामी वांछित आफ्शा अंसारी की गिरफ्तारी के लिए गाजीपुर और मऊ पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा दक्षिण टोला क्षेत्र में दबिश दी गई थी, लेकिन वह वहां नहीं मिलीं।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *