हापुड़ के गंगा एक्सप्रेसवे पर कैंटर पलटा:दो महिलाओं समेत 8 माह के मासूम की मौत, दो पुरुष गंभीर रूप से घायल


हापुड़ जिले के गढ़मुक्तेश्वर के गंगा एक्सप्रेसवे पर शनिवार रात करीब 12 बजे एक सड़क हादसा हो गया। बहादुरगढ़ थाना क्षेत्र के सदरपुर टोल प्लाजा से जखैड़ा रहमतपुर के बीच एक कैंटर डिवाइडर से टकराकर पलट गया। इस दुर्घटना में कैंटर में सवार दो महिलाओं और एक 8 माह के मासूम बच्चे की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो पुरुष गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस के अनुसार, शनिवार रात करीब 12 बजे कैंटर गंगा एक्सप्रेसवे से गुजर रहा था। बहादुरगढ़ थाना क्षेत्र के सदरपुर टोल प्लाजा के पास अचानक वाहन का संतुलन बिगड़ गया। कैंटर डिवाइडर से टकराकर सड़क पर पलट गया, जिससे उसमें सवार लोग नीचे दब गए। मृतकों की पहचान हरदोई के माँझ गांव निवासी अभिषेक की पत्नी श्रीदेवी (28 वर्ष) और उनके 8 माह के बेटे अभिजीत के रूप में हुई है। तीसरी मृतक बरेली के फतेहगंज पूर्वी स्थित सकतीया सिंगवाली गांव निवासी लालाराम की पत्नी सावित्री देवी (32 वर्ष) हैं। हादसे में लालाराम और अभिषेक गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसे की सूचना मिलते ही गढ़मुक्तेश्वर क्षेत्राधिकारी स्तुति सिंह, बहादुरगढ़ थाना प्रभारी इंद्रकांत यादव और सिम्भावली थाना प्रभारी सुरेश कुमार भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कैंटर के नीचे दबे शवों को बाहर निकाला और पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। क्षतिग्रस्त वाहन को एक्सप्रेसवे से हटाकर यातायात सुचारू कराया गया।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *