जिला पंचायत अध्यक्ष के बेटे से 29 लाख की धोखाधड़ी:हरदोई में जमीन सौदे में 29 लाख ट्रांसफर के बाद भी रजिस्ट्री नहीं


हरदोई में जिला पंचायत अध्यक्ष प्रेमावती के पुत्र डॉ. नीरज वर्मा के साथ 29 लाख रुपये की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। उन्होंने शहर कोतवाली में एक महिला और उसके पुत्र के खिलाफ शुक्रवार की देर रात रिपोर्ट दर्ज कराई है। आरोप है कि जमीन खरीदने के लिए 45 लाख रुपये का सौदा तय हुआ था, जिसमें से 29 लाख रुपये का भुगतान करने के बावजूद जमीन उनके नाम नहीं की गई। डॉ. नीरज वर्मा ने बताया कि उन्होंने कमलेश प्रसाद और उनके पुत्र से परगना गोपामऊ के ग्राम लोधी में स्थित 0.1792 हेक्टेयर भूमि खरीदने का सौदा किया था। इस भूमि पर वर्तमान में एक पेट्रोल पंप संचालित है। सौदा 45 लाख रुपये में तय हुआ था। कमलेश प्रसाद मूल रूप से लखनऊ की निवासी हैं और उनका अस्थाई पता बरेली में है। डॉ. नीरज के अनुसार, उन्होंने 24 नवंबर 2020 से 12 मार्च 2021 के बीच RTGS और NEFT के माध्यम से आरोपी के खाते में 29 लाख रुपये ट्रांसफर किए। कमलेश प्रसाद के पति राजेंद्र प्रसाद का निधन 20 जनवरी 2020 को हो गया था। भुगतान के बाद डॉ. नीरज ने शेष 16 लाख रुपये का भुगतान कर जमीन का विक्रय विलेख निष्पादित करने को कहा, लेकिन आरोपियों ने टालमटोल शुरू कर दी। आरोपियों ने जमीन का स्वामित्व हस्तांतरित नहीं किया, हालांकि उन्होंने पेट्रोल पंप का लाइसेंस डॉ. नीरज वर्मा के नाम कर दिया, जो अभी भी संचालित है। डॉ. नीरज ने कई बार भूमि का विक्रय अभिलेख कराने के लिए संपर्क किया, लेकिन कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिला। उन्होंने 22 जुलाई 2025 को रजिस्टर्ड डाक से एक विधिक नोटिस भी भेजा, जिसका भी कोई जवाब नहीं मिला। डॉ. नीरज वर्मा ने आरोप लगाया है कि कमलेश प्रसाद और उनके पुत्र ने उनके साथ 29 लाख रुपये की धोखाधड़ी की है। शहर कोतवाल संजय त्यागी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *