महिला उत्पीड़न बर्दाश्त नहीं, दोषियों पर होगी सख्त कार्रवाई:हरदोई में राज्य महिला आयोग सदस्य एकता सिंह का कड़ा संदेश


हरदोई में राज्य महिला आयोग की सदस्य श्रीमती एकता सिंह ने महिला उत्पीड़न के मामलों पर कड़ा रुख अपनाया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि महिलाओं के साथ बदसलूकी या हिंसा किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। श्रीमती सिंह ने चेतावनी दी कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी, ताकि यह दूसरों के लिए एक मिसाल बन सके। जनसुनवाई के दौरान घरेलू हिंसा और उत्पीड़न से संबंधित 12 शिकायतें सामने आईं। इन शिकायतों पर सदस्य एकता सिंह ने नाराजगी व्यक्त की और मौके पर मौजूद पुलिस अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए। उन्होंने सीओ सिटी अंकित मिश्रा को निर्देशित किया कि थानों में महिलाओं से जुड़ी शिकायतों को गंभीरता से लिया जाए और पीड़िताओं की शिकायत पर तत्काल एफआईआर दर्ज कर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। कहा कि यदि किसी महिला को लगातार प्रताड़ित किया जा रहा है, तो पुलिस को तुरंत कार्रवाई करनी चाहिए। इसका उद्देश्य पीड़िता को न्याय दिलाना और आरोपियों में कानून का भय स्थापित करना है।बैठक में, उन्होंने जिला प्रोबेशन अधिकारी संजय निगम को भी निर्देश दिए कि महिला उत्पीड़न से संबंधित शिकायतों को लंबित न रखा जाए और उन्हें निर्धारित समय-सीमा के भीतर आयोग को भेजा जाए। उन्होंने दोहराया कि घर हो या दफ्तर, महिलाओं का सम्मान सर्वोपरि है और इसका उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कानून पूरी सख्ती से पेश आएगा। इस अवसर पर मजिस्ट्रेट भूमि यादव, महिला थानाध्यक्ष निशा शुक्ला सहित प्रोबेशन विभाग के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *