![]()
देवरिया के जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने शनिवार सुबह प्राथमिक शिक्षा की गुणवत्ता जांचने के लिए प्राथमिक विद्यालय दानोपुर और उच्च प्राथमिक विद्यालय परासिया मिश्र का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने शिक्षक की भूमिका निभाते हुए छात्रों से सवाल पूछे और उन्हें पढ़ाया भी। जिलाधिकारी ने विद्यालयों में शिक्षण व्यवस्था, पठन-पाठन और छात्रों के शैक्षिक स्तर का जायजा लिया। उन्होंने बच्चों से गणित, अंग्रेजी और अन्य विषयों से संबंधित प्रश्न पूछे। इस अवसर पर उन्होंने शिक्षकों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करने और छात्रों में मेहनत व लगन की भावना विकसित करने के निर्देश दिए। सबसे पहले जिलाधिकारी प्राथमिक विद्यालय दानोपुर पहुंचे। यहां उन्होंने कक्षा दो और पांच के विद्यार्थियों से बातचीत की। कक्षा दो के बच्चों से अंग्रेजी पढ़वाई गई, जबकि कक्षा पांच के छात्रों से ब्लैकबोर्ड पर गणित के सवाल हल करवाए गए। छात्रों द्वारा सही जवाब दिए जाने पर जिलाधिकारी ने शिक्षकों की सराहना की और शिक्षा व्यवस्था को और बेहतर बनाने के निर्देश दिए। इसके बाद जिलाधिकारी उच्च प्राथमिक विद्यालय परासिया मिश्र पहुंचे। उन्होंने यहां नामांकन की स्थिति की समीक्षा की और कक्षा सात के विद्यार्थियों से गणित व अंग्रेजी विषय के प्रश्न पूछे। छात्रों के संतोषजनक उत्तर देने पर उन्होंने प्रसन्नता व्यक्त की और शिक्षकों को समर्पण के साथ अध्यापन कार्य जारी रखने के लिए प्रेरित किया। निरीक्षण के दौरान प्राथमिक विद्यालय दानोपुर में बाउंड्रीवाल न होने की जानकारी मिली। इस पर जिलाधिकारी ने खंड शिक्षा अधिकारी से फोन पर बात कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इस निरीक्षण के दौरान सहायक अध्यापक दिनेश सिंह, नीलम मौर्य, शिक्षामित्र पिंकी राय, प्रधानाध्यापिका अर्चना सिंह और सहायक अध्यापिका पूनम सिंह उपस्थित रहे।
Source link
देवरिया DM ने विद्यालयों का किया औचक निरीक्षण:शिक्षक बनकर छात्रों को गणित-अंग्रेजी का पाठ पढ़ाया