मेरठ में पथराव और मारपीट करने वाले 6 गिरफ्तार:मुंडाली क्षेत्र में टैंक निर्माण को लेकर बीते दिन दो पक्षों में हुआ था खूनी संघर्ष


मेरठ के मुण्डाली थाना क्षेत्र स्थित अजराडा गांव में लैट्रिन टैंक निर्माण और दीवार में सीलन आने को लेकर दो पक्षों के बीच हुआ विवाद हिंसक झड़प में बदल गया था। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर लाठी-डंडों, सरियों और पाइपों से हमला किया। इतना ही नहीं, जमकर पथराव भी हुआ, जिससे गांव में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया। घटना 7 मई 2026 की बताई जा रही है। विवाद के दौरान क्षेत्र में काफी देर तक हंगामा चलता रहा, जिससे स्थानीय लोगों का जनजीवन प्रभावित हुआ। सूचना मिलने पर थाना मुण्डाली पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया।
पुलिस के अनुसार, दोनों पक्षों के बीच शौचालय के लैट्रिन टैंक निर्माण और उससे दीवार में सीलन आने को लेकर कहासुनी शुरू हुई थी। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और दोनों ओर से मारपीट व पथराव शुरू हो गया था।एसएसपी मेरठ के निर्देश पर चलाए जा रहे अपराधियों की गिरफ्तारी अभियान के तहत पुलिस अधीक्षक ग्रामीण के निर्देशन और क्षेत्राधिकारी किठौर के पर्यवेक्षण में थाना मुण्डाली पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मामले में शामिल 6 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अब्बास पुत्र उस्मान, नौशाद पुत्र इरशाद, कमर पुत्र उस्मान, खुशनूद पुत्र इलिया, असलम पुत्र जमील और शान मोहम्मद पुत्र महमूद अली निवासी ग्राम अजराडा थाना मुण्डाली, मेरठ के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मु0अ0सं0-105/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं एवं 7 सीएलए एक्ट में मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस का कहना है कि सभी आरोपियों के खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *