तेल अवीव/तेहरान/वॉशिंगटन डीसी7 मिनट पहले
- कॉपी लिंक

अमेरिकी सेना ने ईरान पर फिर बमबारी की है। ईरान ने आरोप लगाया कि अमेरिका ने सीजफायर के बीच यह कार्रवाई की। दरअसल, अमेरिकी सेना ने ओमान की खाड़ी में ईरानी तेल टैंकरों को निशाना बनाया है। इसके बाद ईरान ने बिना किसी हिचकिचाहट के करारा जवाब देने की चेतावनी दी है।
ईरानी सरकारी मीडिया प्रेस TV के मुताबिक, खातम अल-अंबिया सेंट्रल हेडक्वार्टर के प्रवक्ता ने कहा कि आक्रामक, आतंकवादी और समुद्री डाकू अमेरिकी सेना ने जास्क के पास ईरानी समुद्री इलाके से र्मुज स्ट्रेट की ओर जा रहे एक तेल टैंकर को निशाना बनाया।
राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने ईरान को चेतावनी दी कि अगर तेहरान डील नहीं करता तो हम फिर हमले करेंगे। पत्रकारों से बात करते हुए ट्रम्प ने बताया कि ईरान ने अमेरिकी जंगी जहाजों (डिस्ट्रॉयर) पर हमला किया।
इसके बाद दोनों देशों के बीच फायरिंग हुई, जिसमें हमने उन्हें बुरी तरह से तबाह कर दिया और उनकी कई छोटी नावों को डुबो दिया। हम उन्हें परमाणु हथियार रखने का अधिकार नहीं देंगे और वे इस बात पर सहमत हो गए हैं।

तेहरान में एक महिला अमेरिका विरोधी बिलबोर्ड के आगे ईरानी झंडा लहरानी हुई। बिलबोर्ड में राष्ट्रपति ट्रम्प की मूंछ को र्मुज स्ट्रेट के रूप में दर्शाया गया है।
पिछले 24 घंटे के 5 बड़े अपडेट्स…
30 दिन के अस्थायी समझौते पर बातचीत: न्यू यॉर्क टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक, अमेरिका और ईरान 30 दिन तक लड़ाई रोकने और होर्मुज स्ट्रेट खोलने के प्रस्ताव पर चर्चा कर रहे हैं। इसी दौरान स्थायी डील पर बातचीत जारी रहेगी।
ट्रम्प- अमेरिकी जहाजों पर हमला हुआ: राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने कहा कि होर्मुज से गुजर रहे अमेरिकी डेस्ट्रॉयर जहाजों पर मिसाइल और ड्रोन हमले हुए, लेकिन अमेरिकी सेना ने उन्हें मार गिराया और “ईरानी छोटी नावों को तबाह कर दिया।”
होर्मुज में करीब 1500 जहाज फंसे: संयुक्त राष्ट्र की समुद्री एजेंसी IMO के मुताबिक, होर्मुज संकट के कारण खाड़ी क्षेत्र में करीब 1500 जहाज फंसे हुए हैं। तेल, गैस और सप्लाई चेन पर असर बढ़ रहा है, जबकि सोमालिया जैसे देशों में खाद्य संकट और गहरा गया है।
इजराइल-हिजबुल्लाह संघर्ष फिर तेज: इजराइल ने दावा किया कि उसने हिजबुल्लाह की रदवान यूनिट के कमांडर अहमद बलूत समेत कई बड़े कमांडरों को बेरूत हमले में मार गिराया। जवाब में हिजबुल्लाह ने दक्षिणी लेबनान में इजराइली टैंक और सैन्य ठिकानों पर हमलों का दावा किया।
अमेरिका ने नए प्रतिबंध लगाए: अमेरिका ने ईरान से जुड़े नेटवर्क पर नए प्रतिबंध लगाए। इनमें इराक के डिप्टी ऑयल मिनिस्टर अली मारीज अल-बहादली और कई कंपनियां शामिल हैं। अमेरिका का आरोप है कि ये लोग तेल कारोबार के जरिए ईरान और उसके समर्थित समूहों की मदद कर रहे थे।
ईरान जंग से जुड़े अपडेट्स के लिए नीचे ब्लॉग से गुजर जाइए…
लाइव अपडेट्स
22 मिनट पहले
- कॉपी लिंक
ट्रम्प बोले- अमेरिकी जहाजों पर हमला, तीनों सुरक्षित निकले
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने दावा किया है कि होर्मुज स्ट्रेट से गुजर रहे अमेरिका के तीन डेस्ट्रॉयर जहाजों पर हमला हुआ। ट्रम्प ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि तीनों अमेरिकी युद्धपोत फायरिंग के बीच सफलतापूर्वक स्ट्रेट पार कर गए।
ट्रम्प ने आगे कहा कि हमले के दौरान ईरान की तरफ से मिसाइलें दागी गईं, जिन्हें आसानी से मार गिराया गया। ड्रोन भी हवा में ही नष्ट कर दिए गए।
हालांकि, ट्रम्प ने यह नहीं बताया कि हमला कब हुआ और किस जगह से मिसाइल या ड्रोन दागे गए। ईरान की तरफ से भी अभी तक इस दावे पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
