लखनऊ में पांच महीने से गायब है सुशीला तिवारी की:ग्रीन कॉरिडोर बन गया, चौराहा सज गया, लेकिन मूर्ति अब तक नहीं लगी


लखनऊ में इन दिनों महिला आरक्षण को लेकर सियासत गरम है। समर्थन और विरोध में रैलियां निकल रही हैं, लेकिन राजधानी में एक महिला की प्रतिमा को लेकर उठ रहे सवाल चर्चा का विषय बने हुए हैं। प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री नारायण दत्त तिवारी की पत्नी स्वर्गीय डॉ. सुशीला तिवारी की प्रतिमा पिछले पांच महीने से अपने स्थान से गायब है। निशातगंज पुल के पास बने स्मृति चौक पर करीब तीन दशक पहले लगाई गई यह प्रतिमा ग्रीन कॉरिडोर परियोजना के दौरान हटाई गई थी। उस समय अधिकारियों ने दावा किया था कि नया चौराहा तैयार होने के बाद प्रतिमा को फिर से स्थापित कर दिया जाएगा। मार्च में ग्रीन कॉरिडोर का लोकार्पण भी हो गया, चौराहा भी पूरी तरह तैयार हो गया, लेकिन प्रतिमा अब तक नहीं लग सकी है। चौराहा बदला, प्रतिमा का नहीं बना स्थान गोमती नदी के किनारे आईआईएम रोड से किसान पथ तक करीब 28 किलोमीटर लंबे ग्रीन कॉरिडोर का निर्माण चार चरणों में किया जा रहा है। इसके दूसरे चरण में समतामूलक चौक से डालीगंज पुल तक का हिस्सा शामिल है। इसी परियोजना के तहत निशातगंज पुल के पास बने स्मृति चौक को नए डिजाइन के साथ विकसित किया गया। पहले यहां छोटे पार्क में डॉ. सुशीला तिवारी की प्रतिमा लगी थी। निर्माण कार्य शुरू होने पर चौक और पार्क को तोड़ दिया गया। प्रतिमा हटाते समय कहा गया था कि नया चौराहा बनने के बाद इसे फिर से स्थापित किया जाएगा। अब स्थिति यह है कि नया चौराहा पूरी तरह तैयार हो चुका है। यहां सुंदरीकरण के लिए बड़ा पिलर, सजावटी चक्र और पौधारोपण भी किया गया है। इसके बावजूद प्रतिमा के लिए न तो कोई स्थान तय किया गया और न ही पैडेस्टल बनाया गया। लोकार्पण के बाद भी नहीं हुई स्थापना ग्रीन कॉरिडोर के दूसरे चरण का लोकार्पण 13 मार्च को रक्षा मंत्री और लखनऊ सांसद राजनाथ सिंह ने किया था। लोकार्पण से पहले ही पूरा चौराहा तैयार कर दिया गया था। स्थानीय लोगों का कहना है कि जब पूरा प्रोजेक्ट तैयार हो गया तो प्रतिमा दोबारा लगाने में देरी क्यों हो रही है। इसी को लेकर अब तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। लोग सवाल उठा रहे हैं कि क्या प्रतिमा को दोबारा लगाने की योजना ठंडे बस्ते में डाल दी गई है। राजनीतिक गलियारों में यह चर्चा भी है कि एनडी तिवारी का परिवार जिस राजनीतिक दल से जुड़ा रहा, मौजूदा सत्ता से उसके रिश्ते अच्छे नहीं हैं। इसी वजह से प्रतिमा की वापसी में देरी हो रही है। एलडीए बोला- प्रतिमा सुरक्षित, जल्द लगाई जाएगी हालांकि एलडीए अधिकारियों का कहना है कि प्रतिमा सुरक्षित रखी गई है और उसे दोबारा स्थापित किया जाएगा। एलडीए के मुख्य अभियंता मानवेंद्र सिंह ने कहा, “प्रतिमा अभी नहीं लग पाई है, लेकिन लगाई जाएगी। इस संबंध में ग्रीन कॉरिडोर प्रोजेक्ट मैनेजर से बात हुई है। प्रतिमा सुरक्षित रखी गई है और जल्द स्थापना कराई जाएगी।”

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *