नोएडा में निवेश का झांसा देकर ठगे 56.93 लाख:24 ट्रांजेक्शन में जमा कराया पैसा, वाट्सऐप ग्रुप से जोड़कर की गई ठगी


सेक्टर 53 में रहने वाले एक व्यापारी से साइबर ठगों ने शेयर मार्केट में मोटा मुनाफा कमाने का झांसा देकर करीब 57 लाख रुपये ठग लिए। ठगों ने पहले उन्हें वॉट्सऐप ग्रुप में जोड़कर बातचीत की। निवेश करने की फर्जी ट्रेनिंग दी। इसके बाद एक वेबसाइट पर रजिस्ट्रेशन कराने के बाद निवेश करने का झांसा दिया गया। पीड़ित ने कुल 24 ट्रांजेक्शन में कुल 56 लाख 93 हजार रुपये ठगों के खाते में ट्रांसफर कर दिए। पैसे निकालने की कोशिश की तो टैक्स के तौर पर और रकम जमा कराने का दबाव बनाया गया। शक होने पर पीड़ित ने एनसीआरपी पोर्टल पर शिकायत दर्ज की। वाट्सऐप ग्रुप से जोड़ा
सेक्टर-53 गिझौड़ निवासी विकास ने पुलिस को बताया कि 9 फरवरी को उनके मोबाइल नंबर को मार्केट इंफॉर्मेशन कंसल्टिंग क्लब (308) नाम के एक वॉट्सऐप ग्रुप में जोड़ा। ग्रुप में शेयर मार्केट और ऑनलाइन ट्रेडिंग से जुड़ी जानकारी दी जाती थी। शुरुआत में ग्रुप में दी गई टिप्स से अच्छा मुनाफा दिखाकर उनका भरोसा जीता गया। फर्जी ट्रैडिंग कंपनी कराया निवेश
इसके बाद ग्रुप के एडमिन ने विकास कुमार को एम. कैलामोसाडू डॉट कॉम नाम की एक फर्जी ऑनलाइन ट्रेडिंग वेबसाइट पर निवेश करने के लिए कहा। ठगों ने दावा किया कि यहां निवेश करने पर भारी मुनाफा मिलेगा। पीड़ित ने 24 फरवरी को पहली बार 50 हजार रुपये निवेश किए। 11 अप्रैल तक उन्होंने कुल 24 ट्रांजेक्शन में 56 लाख 93 हजार रुपये अलग-अलग बैंक खातों में भेज दिए। लगातार दिखा मुनाफा
वेबसाइट पर उनके खाते में लगातार मुनाफा दिखाया जा रहा था। लेकिन जब उन्होंने रकम निकालने की कोशिश की तो ठगों ने टैक्स, प्रोसेसिंग फीस और अकाउंट वेरिफिकेशन के नाम पर और पैसे जमा कराने की मांग शुरू कर दी। रकम जमा नहीं करने पर निकासी रोक दी गई। पीड़ित ने कई बार उन्हें कॉल और मैसेज किया लेकिन ठगों ने संपर्क तोड़ लिया।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *