![]()
लखनऊ में एसटीएफ ने अवैध मादक पदार्थों की तस्करी करने वाले गिरोह के एक सदस्य को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 1.426 किलोग्राम अफीम बरामद की है। आरोपी को मोहनलालगंज क्षेत्र में राधा स्वामी सत्संग आश्रम से लखनऊ की ओर माधवखेड़ा हनुमान मंदिर के पास पकड़ा गया। बरामद अफीम की अंतरराज्यीय बाजार में कीमत लाखों रुपए बताई जा रही है। एसटीएफ को पिछले कई दिनों से उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों में सक्रिय अफीम तस्कर गिरोह की सूचनाएं मिल रही थीं। इसके बाद एसटीएफ लखनऊ के पुलिस उपाधीक्षक धर्मेश कुमार शाही की टीम लगातार जानकारी जुटा रही थी। बुधवार को इंस्पेक्टर राघवेन्द्र सिंह के नेतृत्व में गठित टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की पहचान बेतिया बिहार निवासी शाहीम आलम के रूप में हुई। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह लंबे समय से अवैध रूप से अफीम की खरीद-फरोख्त कर रहा था। गिरोह विभिन्न स्थानों से अफीम खरीदकर उत्तर प्रदेश, दिल्ली, उत्तराखंड, पंजाब और हरियाणा समेत कई राज्यों में सप्लाई करता था। आरोपी ने बताया कि डिलीवरी के दौरान खरीदारों की पहचान गुप्त रखी जाती थी। तय स्थान पर पहुंचने के बाद संबंधित व्यक्ति खुद संपर्क करता था और 6 से 7 लाख रुपए प्रति किलो के हिसाब से भुगतान कर माल लेकर चला जाता था। एसटीएफ की पूछताछ में यह भी सामने आया कि गिरोह सीमित संपर्क और गुप्त तरीके से लेन-देन करता था ताकि पुलिस की नजर से बचा जा सके। गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ मोहनलालगंज थाने में एनडीपीएस एक्ट में केस दर्ज किया गया है। पुलिस आरोपी के नेटवर्क और अन्य साथियों के बारे में जानकारी जुटा रही है।
Source link
अफीम के साथ तस्कर गिरफ्तार:1.426 किलोग्राम नशीला पदार्थ बरामद, मोहनलालगंज से पकड़ा गया