हमीरपुर में टीन शेड के नीचे दबकर महिला की मौत:आंधी और बारिश से कई घायल, हजारों क्विंटल गेहूं भीगा; बिजली गुल


हमीरपुर में मंगलवार शाम आंधी, तेज बारिश और ओलावृष्टि से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया। इस दौरान टीन शेड गिरने से एक महिला की मौत हो गई, जबकि कई लोग घायल हुए। सैकड़ों पेड़ उखड़ने से बिजली के तार और खंभे टूट गए, जिससे विद्युत आपूर्ति अभी तक बाधित है। मंडी समिति में सरकारी खरीद का हजारों क्विंटल गेहूं खुले में रखा होने के कारण भीग गया। आंधी और बारिश का सर्वाधिक प्रभाव मौदहा तहसील क्षेत्र में देखा गया। मंगलवार शाम करीब साढ़े पांच बजे अचानक मौसम बदलने से तेज आंधी और बारिश शुरू हो गई। इसी दौरान बजरंगी डेरा निवासी 35 वर्षीय सावित्री अपनी बेटी के साथ खेत से लौट रही थीं। आंधी-बारिश से बचने के लिए वह बजरंगबली मंदिर के पास एक टीन शेड के नीचे बैठ गईं, जहां कुछ अन्य लोग भी मौजूद थे। अचानक टीन शेड उखड़कर गिर गया, जिससे सावित्री समेत कई लोग उसके नीचे दब गए। स्थानीय लोगों ने तुरंत बचाव अभियान चलाकर सभी को शेड के नीचे से बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों ने सावित्री को मृत घोषित कर दिया। इस हादसे में सावित्री की बेटी अंश और संतोषी के साथ महेंद्र भी घायल हुए हैं, जिनका इलाज जारी है। मौदहा नगर क्षेत्र में भी आंधी-बारिश के कारण सैकड़ों पेड़ टूटकर या जड़ से उखड़कर गिर गए, जिससे बिजली के पोल और तार क्षतिग्रस्त हो गए। परिणामस्वरूप, विद्युत व्यवस्था अभी तक बहाल नहीं हो पाई है। नगर पालिका की टीमें सड़कों से गिरे पेड़ों को हटाने में जुटी हैं, वहीं विद्युत विभाग की टीमें भी क्षतिग्रस्त पोलों और तारों को दुरुस्त करने का काम कर रही हैं। मौदहा गल्ला मंडी में किसानों से खरीदा गया हजारों क्विंटल गेहूं खुले में रखा होने के कारण भीग गया था। हालांकि, आज सुबह से तेज धूप निकलने से भीगे हुए गेहूं के सूखने की उम्मीद है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *