![]()
कौशांबी के संदीपन घाट थाना क्षेत्र की हर्रायपुर चौकी में घुसकर हंगामा करने और दरोगा से धक्का-मुक्की कर संदिग्ध आरोपियों को छुड़ाने के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने इस घटना में 29 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। जानकारी के अनुसार, पिपरी थाना क्षेत्र के मनौरी बाजार निवासी संस्कार केसरवानी ने बताया कि शनिवार रात वह अपने दोस्तों के साथ महगांव गया था। लौटते समय महगांव स्थित पैलेस के पास बाइक सवार तीन युवकों ने उनका मोबाइल फोन छीन लिया और प्रयागराज की ओर भाग गए। संस्कार ने आरोपियों का पीछा करने का प्रयास किया, लेकिन वे पकड़ में नहीं आए। इस शिकायत के बाद पुलिस ने घटना को अंजाम देने वालों की तलाश शुरू की। हर्रायपुर चौकी पुलिस ने संदेह के आधार पर कोइलहा निवासी विनय कुमार, अभिषेक और नीरज को पकड़ा था। उनसे चौकी पर पूछताछ की जा रही थी। चौकी प्रभारी विपिन कुमार यादव के मुताबिक, रविवार देर रात संदिग्धों के परिजन और अन्य लोग पुलिस चौकी पर पहुंच गए। उन्होंने पुलिस कर्मचारियों से धक्का-मुक्की करते हुए चौकी के भीतर घंटों हंगामा किया और तीनों संदिग्धों को जबरन छुड़ाकर ले गए। इस घटना का एक वीडियो सोमवार को सोशल मीडिया पर वायरल हो गया था।
इस पूरे मामले का संज्ञान लेते हुए पुलिस ने तत्काल कार्रवाई की। वायरल वीडियो के आधार पर 9 नामजद और करीब 20 अज्ञात लोगों सहित कुल 29 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपियों में तीन महिलाएं भी शामिल हैं। पुलिस ने कोइलहा निवासी राजेंद्र कुमार, लवकुश, सौरभ, रोहित, रोहित द्वितीय, सुमन, मनू, गब्बर की मां और शनि सहित लगभग 20 अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस टीम अब वीडियो फुटेज के आधार पर सभी आरोपियों की तलाश कर रही है।
Source link
कौशांबी चौकी में हंगामा, 29 लोगों पर केस दर्ज:दरोगा से धक्का-मुक्की कर संदिग्धों को छुड़ाया, वीडियो वायरल