सहारनपुर में हत्या के प्रयास के दो आरोपी अरेस्ट:रास्ते के विवाद में परिवार पर हमला करने वाले पकड़े


सहारनपुर पुलिस ने हत्या के प्रयास के एक मामले में फरार चल रहे दो वांछित आरोपियों को मंगलवार को अरेस्ट किया है। यह कार्रवाई एसएसपी के निर्देश पर चलाए जा रहे अपराध नियंत्रण अभियान के तहत थाना नागल पुलिस ने की है। यह मामला 30 मार्च 2026 का है। नन्हेड़ा बुड्ढाखेड़ा निवासी इकराम पुत्र बंदा ने पुलिस को तहरीर दी थी। उन्होंने आरोप लगाया था कि गांव के ही सावेज, नफीस, मोहतरम, रहमान और तालिब ने आपसी रंजिश और रास्ते के विवाद को लेकर उनके परिवार पर हमला किया था। हमलावरों ने लाठी-डंडों, धारदार हथियारों और फावड़े से इकराम के पुत्र जीशान, फैजान, बहू अफसाना और अलफिशा के साथ मारपीट की। आरोप है कि मोहतरम ने जीशान के सिर पर फावड़े से वार किया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। शोर-शराबा सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और घायलों को बचाया। जाते-जाते आरोपियों ने परिवार को जान से मारने की धमकी भी दी थी। शिकायत के आधार पर थाना नागल पुलिस ने गंभीर धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस लगातार आरोपियों की तलाश में जुटी थी। मंगलवार को थाना नागल प्रभारी संदीप कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर चेकिंग के दौरान दो वांछित अभियुक्तों रहमान पुत्र नूरहसन और तालिब पुत्र मोहतरम को गिरफ्तार कर लिया। उन्हें गांव नन्हेड़ा बुड्ढाखेड़ा से ताशीपुर जाने वाले मार्ग के पास से पकड़ा गया। गिरफ्तार दोनों आरोपियों के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई करते हुए उन्हें कोर्ट में पेश किया जा रहा है। पुलिस टीम में एसआई योगेन्द्र चौधरी, हेड कांस्टेबल कमल किशोर और कांस्टेबल सतेन्द्र कुमार शामिल रहे। पुलिस का कहना है कि शेष आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए भी लगातार प्रयास किए जा रहे हैं और जल्द ही सभी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *