![]()
महोबा में एक बेकाबू कार ने दो बाइकों को टक्कर मार दी, जिससे एक मासूम बच्ची सहित चार लोग घायल हो गए। घटना के बाद आरोपी चालक कार सहित मौके से फरार हो गया। स्थानीय युवक की मदद से सभी घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से एक की गंभीर हालत को देखते हुए उसे झांसी रेफर कर दिया गया है। घटना महोबा शहर के मुकुंद लाल इंटर कॉलेज के पास हुई। जानकारी के अनुसार, रामनगर निवासी गणेशी प्रजापति (35) अपनी पत्नी गंगावती और बेटी अंशिका (12) के साथ एक शादी समारोह से घर लौट रहे थे। उनकी बाइक जैसे ही मुकुंद लाल इंटर कॉलेज के पास पहुंची, सामने से आ रही तेज रफ्तार कार ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों सड़क पर दूर जा गिरे। आरोपी चालक रुकने के बजाय गाड़ी को और तेज भगाने लगा। भागने की इसी कोशिश में उसने एक अन्य बाइक सवार, 20 वर्षीय रविंद्र को भी अपनी चपेट में ले लिया, जिससे रविंद्र भी गंभीर रूप से घायल हो गया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी चालक कार सहित मौके से फरार होने में सफल रहा। हादसे के समय पास ही अपने बालू डंप पर बैठे जीतू यादव ने यह मंजर देखा। उन्होंने तुरंत मदद के लिए दौड़ लगाई और बिना वक्त गंवाए 108 एंबुलेंस को फोन किया। जीतू यादव सभी घायलों को लेकर जिला अस्पताल पहुंचे। अस्पताल में डॉक्टरों ने तुरंत घायलों का प्राथमिक इलाज शुरू किया। इमरजेंसी वार्ड में तैनात डॉक्टर शिशुपाल ने बताया कि गणेशी, गंगावती और अंशिका की हालत फिलहाल स्थिर है। हालांकि, रविंद्र की नाजुक स्थिति को देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए झांसी के हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है।
Source link
महोबा में बेकाबू कार ने दो बाइकों को रौंदा,4 घायल:मासूम बच्ची और पति-पत्नी गंभीर, ड्राइवर फरार; झांसी हायर सेंटर रेफर