![]()
देवरिया के मेहड़ा पुरवा मोहल्ले में मंगलवार शाम एक ही परिवार में संदिग्ध परिस्थितियों में एक महिला और उसके सात वर्षीय बेटे की मौत हो गई। उनका छोटा बेटा गंभीर हालत में मेडिकल कॉलेज के आईसीयू में भर्ती है। पुलिस ने मामले में महिला के पति को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। मेहड़ा पुरवा निवासी निराला विश्वकर्मा अपनी पत्नी अंजली (30) और दो बेटों, शम्भू उर्फ कृष्णा (7) तथा काशी उर्फ कान्हा (लगभग 6 वर्ष) के साथ रहते थे। दोनों बच्चे मूक-बधिर थे। मंगलवार शाम अचानक अंजली और दोनों बच्चों की तबीयत बिगड़ गई। परिजनों ने अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने अंजली और शम्भू उर्फ कृष्णा को मृत घोषित कर दिया। छोटे बेटे काशी उर्फ कान्हा की गंभीर हालत को देखते हुए उसे आईसीयू में भर्ती किया गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। मृत महिला और बच्चे के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए, क्षेत्राधिकारी सदर संजय रेड्डी ने मौके पर पहुंचकर जांच का जायजा लिया। पुलिस अधीक्षक अभिजीत आर शंकर ने भी मेडिकल कॉलेज पहुंचकर घायल बच्चे की स्थिति के बारे में जानकारी ली और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। इस बीच, काशी उर्फ कान्हा की हालत में सुधार न होने पर उसे बेहतर इलाज के लिए गोरखपुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया है। चिकित्सकों की टीम उसकी स्थिति पर लगातार निगरानी रख रही है। पुलिस फिलहाल इस पूरे मामले को संदिग्ध मानकर हर पहलू से जांच कर रही है। तीनों की तबीयत अचानक बिगड़ने के कारणों का पता लगाने के लिए पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के नतीजों का इंतजार किया जा रहा है।0
Source link
देवरिया में संदिग्ध हालात में मां-बेटे की मौत:छोटा बेटा ICU में भर्ती, पति को हिरासत में लेकर पूछताछ