पीलीभीत मेडिकल कॉलेज में प्रसूता की मौत:परिजनों ने इलाज में लापरवाही और अवैध वसूली का आरोप लगाया, हंगामा किया


पीलीभीत के राजकीय मेडिकल कॉलेज में प्रसव के दूसरे दिन एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। परिजनों ने मेडिकल कॉलेज स्टाफ पर इलाज में लापरवाही, गलत इंजेक्शन लगाने और ऑपरेशन के नाम पर अवैध वसूली का गंभीर आरोप लगाते हुए हंगामा किया। पूरनपुर थाना क्षेत्र के मोहल्ला साहूकारा लाइन निवासी सुरेंद्र ने अपनी पत्नी हस्वती को प्रसव पीड़ा होने पर शुक्रवार को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया था। शुक्रवार को हस्वती ने एक स्वस्थ बेटी को जन्म दिया था। परिजनों का आरोप है कि प्रसव (ऑपरेशन) के लिए उनसे 15 हजार रुपए की अवैध वसूली की गई। मृतका के चाचा ससुर वीरपाल वर्मा और पति सुरेंद्र ने बताया कि शनिवार शाम को हस्वती की तबीयत अचानक बिगड़ने लगी। उन्होंने ड्यूटी पर तैनात डॉक्टरों और स्टाफ से मरीज को देखने की बार-बार गुहार लगाई, लेकिन घंटों तक किसी ने उनकी सुध नहीं ली। गलत इंजेक्शन लगाने का आरोप लगाया
परिजनों का आरोप है कि जब हस्वती की हालत बहुत अधिक खराब हो गई, तब कुछ जूनियर डॉक्टर मौके पर आए और उसे एक इंजेक्शन लगाया। परिजनों का दावा है कि इंजेक्शन लगते ही महिला के शरीर में हलचल बंद हो गई और उसकी मौत हो गई। परिजनों ने यह भी शिकायत की कि महिला की स्थिति बिगड़ने पर उसे किसी उच्च केंद्र के लिए रेफर नहीं किया गया और न ही वरिष्ठ डॉक्टरों को बुलाया गया। परिजनों ने महिला को रेफर करने की बार-बार गुहार लगाई, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। मौके पर खड़ी एंबुलेंस भी आधे घंटे तक इंतजार करती रही। परिजनों ने हंगामा किया
महिला की मौत की खबर फैलते ही परिजनों ने मेडिकल कॉलेज में स्टाफ के खिलाफ नारेबाजी और हंगामा शुरू कर दिया। सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस भी मौके पर पहुंची। परिजनों ने दोषी स्टाफ के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई और अवैध वसूली की जांच की मांग की है। प्राचार्य संगीता अनेजा का कहना है कि मामले की जानकारी लगी है जांच कर कार्रवाई की जाएगी।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *