युवती से चचेरे भाइयों ने की मारपीट:मैनपुरी में पीड़िता ने मां की संपत्ति हड़पने की जताई आशंका, एसपी से लगाई गुहार


मैनपुरी के बेवर क्षेत्र में अपनी मां के त्रयोदशी संस्कार में शामिल होने आई एक महिला के साथ मारपीट और अभद्रता का मामला सामने आया है। पीड़िता ने आरोप लगाया है कि उसके ही रिश्तेदारों ने न सिर्फ गाली-गलौज की, बल्कि विरोध करने पर उसे पीटा और जान से मारने की धमकी दी। पीड़िता प्रियंका मिश्रा, निवासी कन्नौज, ने बताया कि उनकी मां का निधन 13 अप्रैल 2026 को सैफई मेडिकल कॉलेज में इलाज के दौरान हो गया था। इसके बाद वह अपनी बहन के साथ मायके नवीगंज, थाना बेवर आई थीं और अंतिम संस्कार कराया था। 24 अप्रैल को त्रयोदशी कार्यक्रम के दौरान यह विवाद खड़ा हो गया। प्रियंका का आरोप है कि उनके ताऊ के बेटे हवन-पूजन कर रहे थे, जिस पर उन्होंने आपत्ति जताई। इसी बात को लेकर कहासुनी शुरू हुई और मामला बढ़कर गाली-गलौज में बदल गया। आरोप है कि राजेश मिश्रा, राजीव तिवारी, अभिषेक तिवारी, आलोक दुबे और प्रीता दुबे सहित अन्य लोगों ने उन्हें गालियां दीं और मारपीट की। पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया कि मौके पर मौजूद उनका गोद लिया हुआ भाई भी उनके पक्ष में नहीं आया, बल्कि आरोपियों के साथ खड़ा हो गया। विरोध करने पर आरोपियों ने उन्हें गंभीर परिणाम भुगतने और समाज में बेइज्जत करने की धमकी दी। महिला का कहना है कि उनकी मां के जेवरात घर में मौजूद हैं, जिन्हें आरोपी हड़पना चाहते हैं। इसी कारण वे नहीं चाहते कि वह या कोई अन्य व्यक्ति संपत्ति की देखरेख करे। पीड़िता ने बेवर थाना पुलिस पर भी सुनवाई न करने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि शिकायत देने के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद उन्होंने पुलिस अधीक्षक (एसपी) को प्रार्थना पत्र देकर मामले में जांच और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *