![]()
सोनभद्र के राबर्ट्सगंज कोतवाली क्षेत्र में एक सड़क हादसे में एक महिला की जान चली गई। तेज आंधी और धूल भरी हवाओं के बीच यह घटना हुई, जिसमें महिला के पति और मासूम बच्चा सुरक्षित बच गए। इस घटना से परिवार में दुख का माहौल है। हिंदूवारी चौकी क्षेत्र के भाटोलिया गांव की 28 वर्षीय नीतू यादव अपने पति रोहित और छोटे बच्चे के साथ बाइक से राबर्ट्सगंज से कठपुरवा की ओर जा रही थीं। देवरा राजा पेट्रोल पंप के पास पहुंचते ही अचानक तेज आंधी के साथ धूल का गुबार उठने लगा। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, उड़ती धूल सीधे महिला की आंखों में चली गई, जिससे वह असंतुलित होकर चलती बाइक से नीचे गिर पड़ीं।
बताया जा रहा है कि बाइक चला रहे पति और साथ बैठे बच्चे को महिला के गिरने का तुरंत पता नहीं चल सका। इसी बीच पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रक ने महिला को कुचल दिया। हादसे में महिला की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को जानकारी दी। हिंदूवारी चौकी प्रभारी अपनी टीम के साथ तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति को संभाला। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल की मर्चरी भेज दिया है। हादसे की खबर मिलते ही मृतका के परिजन मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों ने प्रशासन से इस मार्ग पर तेज रफ्तार वाहनों पर सख्ती करने और सड़क सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और फरार ट्रक चालक की तलाश की जा रही है।
Source link
ट्रक की चपेट में आने से महिला की मौत:आंधी में बाइक से गिरी, पति-बच्चा सुरक्षित; चालक फरार