बदायूं में दवा व्यापारी से दो लाख की लूट:दुकान बंद कर लौटते समय छीने रुपए, स्कूटी सवार बदमाशों ने वारदात को दिया अंजाम


बदायूं में मंगलवार देर रात एक दवा व्यापारी से स्कूटी सवार दो बदमाशों ने दो लाख रुपये नकद लूट लिए। व्यापारी अपनी दुकान बंद कर घर लौट रहे थे, तभी यह घटना हुई। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है। मामले की जांच में एसओजी टीम को भी लगाया गया है। शहर के मोहल्ला पटियाली सराय निवासी अंशुमान दवाओं के थोक व्यापारी हैं। उनकी मढ़ई चौक पर एक मेडिकल दुकान है। मंगलवार रात लगभग 10 बजे अंशुमान ने अपनी दुकान बंद की और बाइक से अपने घर जा रहे थे।हुसैनी गली में पीछे से आ रहे स्कूटी सवार दो बदमाशों ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी, जिससे अंशुमान गिर गए। इससे पहले कि वह कुछ समझ पाते, एक बदमाश ने उनकी बाइक पर लटका बैग छीन लिया।बदमाश तुरंत स्कूटी पर बैठकर मौके से फरार हो गए। व्यापारी ने शोर मचाया तो आसपास के लोग वहां पहुंचे और उनकी मदद की। पीड़ित अंशुमान के अनुसार, लूटे गए बैग में दो लाख रुपये नकद के अलावा एक मोबाइल फोन और कुछ महत्वपूर्ण दस्तावेज भी थे।घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास के संदिग्ध लोगों से पूछताछ की। कोतवाली के एसएचओ संजय कुमार ने बताया कि इस संबंध में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और आगे की जांच जारी है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *