सिद्धार्थनगर NH पर महिला से मंगलसूत्र छीना:मुंह बांधकर आए बाइक सवार झपट्टा मारकर भागे, पुलिस खंगाल रही CCTV


सिद्धार्थनगर के चिल्हिया थाना क्षेत्र में नेशनल हाईवे पर स्नैचिंग की घटना सामने आई है। सोमवार शाम करीब 6:30 बजे कपिया चौराहे के पास बाइक सवार दो बदमाशों ने एक महिला से मंगलसूत्र छीन लिया और फरार हो गए। इस घटना के बाद क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं। पीड़िता की पहचान चिल्हिया थाना क्षेत्र के ग्राम सेमरियाँव टोला बड़ाडीह निवासी विजय कुमार की पत्नी उर्मिला (लगभग 37 वर्ष) के रूप में हुई है। वह सोमवार शाम घेन्सा चौराहे से अपने घर की ओर पैदल जा रही थीं। कपिया चौराहे के पास नेशनल हाईवे पर पहुंचते ही पीछे से एक मोटरसाइकिल पर सवार दो युवक उनके पास रुके। युवकों ने अपने चेहरे गमछे से ढके हुए थे। महिला कुछ समझ पाती, इससे पहले ही पीछे बैठे बदमाश ने उनके गले से मंगलसूत्र छीन लिया।
चालक तेज रफ्तार में बाइक दौड़ाते हुए फरार हो गया। घटना इतनी तेजी से हुई कि उर्मिला संभल नहीं पाईं। उन्होंने शोर मचाया, लेकिन बदमाश मौके से भागने में सफल रहे। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। क्षेत्राधिकारी (सीओ) मैयंक द्विवेदी ने भी घटनास्थल का दौरा किया। उन्होंने पीड़िता से पूछताछ की और थाना प्रभारी को तत्काल मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी के निर्देश दिए। पुलिस ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। आरोपियों की तलाश में संभावित मार्गों पर चेकिंग बढ़ा दी गई है। हाईवे और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। पुलिस टीमों को सक्रिय कर दिया गया है और जल्द ही घटना का खुलासा करने का दावा किया जा रहा है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *