![]()
मिर्जापुर पुलिस लाइन परेड ग्राउंड में सीधी भर्ती-2023 के तहत प्रशिक्षाधीन रिक्रूट आरक्षियों की पासिंग आउट परेड का आयोजन किया गया। इस दौरान कुल 392 नए आरक्षी पुलिस विभाग में शामिल हुए। परेड की सलामी विन्ध्याचल परिक्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक आर.पी. सिंह ने ली। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी और गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। पुलिस महानिरीक्षक ने बताया कि प्रशिक्षण के लिए कुल 400 रिक्रूट आरक्षी आए थे। इनमें से 8 आरक्षियों ने प्रशिक्षण के बीच में ही त्यागपत्र दे दिया था, जबकि शेष 392 ने सफलतापूर्वक अपना प्रशिक्षण पूरा किया। उन्होंने यह भी बताया कि प्रशिक्षण के दौरान आंतरिक और बाह्य विषयों के लिए जनपद स्तर पर बेहतर व्यवस्थाएं की गई थीं और किसी भी प्रशिक्षु द्वारा कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई गई। प्रशिक्षण और अनुशासन का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया 26 अप्रैल 2026 को आयोजित इस दीक्षांत/पासिंग आउट परेड समारोह 2025-26 में कुल 14 टोलियों के रिक्रूट आरक्षियों ने भाग लिया। नौ माह के कठिन प्रशिक्षण के बाद इन आरक्षियों ने अनुशासित और आकर्षक परेड का प्रदर्शन किया। पुलिस अधीक्षक ने मुख्य अतिथि का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया, जिसके बाद उन्होंने परेड का निरीक्षण कर सलामी ली। टोलियों ने मार्च पास्ट करते हुए अपने प्रशिक्षण और अनुशासन का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के संबोधन का सजीव प्रसारण भी किया गया। अपने संदेश में मुख्यमंत्री ने पुलिस बल को आधुनिक, संवेदनशील और अपराध के प्रति सख्त रहने का आह्वान किया। रिक्रूट आरक्षियों ने मुख्यमंत्री के संदेश को ध्यानपूर्वक सुना। इसके उपरांत सभी रिक्रूट आरक्षियों को देश सेवा, संविधान के प्रति निष्ठा और जनसुरक्षा की शपथ दिलाई गई। शपथ ग्रहण के बाद टोलियों ने गरिमामय ढंग से प्रस्थान किया। समारोह में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले आरक्षियों को सम्मानित भी किया गया। मो. सिराज को सर्वांग सर्वोत्तम, दीपक कुमार को आउटडोर परीक्षा में प्रथम स्थान प्राप्त करने के लिए सम्मानित किया गया। इसके अतिरिक्त, कृष्णदत्त, अभिषेक पाण्डेय और अरबाज खान को परेड कमांडर के रूप में सम्मानित किया गया।
Source link
मिर्जापुर में 392 आरक्षी पुलिस विभाग में शामिल:पासिंग आउट परेड में ली शपथ, 8 ने बीच में छोड़ा प्रशिक्षण