![]()
कासगंज जिले के ढोलना थाना क्षेत्र के नगला चौखंडा गांव में एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद तनाव फैल गया। शुक्रवार को 30 वर्षीय प्रभा देवी, पत्नी अमित कश्यप, का निधन हो गया था। घटना की सूचना मिलते ही प्रभा देवी के मायके पक्ष के लोग गांव पहुंचे। शव देखते ही वे आक्रोशित हो गए और उन्होंने ससुराल पक्ष के लोगों पर हमला कर दिया। मायके पक्ष के लोगों ने लाठी-डंडों से ससुराल पक्ष के सदस्यों को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा। इस अचानक हुई मारपीट से गांव में अफरा-तफरी मच गई। घटना का एक वीडियो भी सामने आया है। सूचना मिलने पर ढोलना थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करने के लिए काफी मशक्कत की और दोनों पक्षों को अलग कर मामला शांत कराया। इस दौरान लाठी लगने से एक व्यक्ति घायल हो गया, जिसे प्राथमिक उपचार दिया गया। ढोलना इंस्पेक्टर जगदीशचंद्र ने बताया कि महिला की मौत के बाद मायके पक्ष के लोग उत्तेजित हो गए थे, जिसके कारण मारपीट हुई। पुलिस मामले की जांच कर रही है। उन्होंने यह भी बताया कि यदि किसी पक्ष की ओर से तहरीर दी जाती है, तो रिपोर्ट दर्ज कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Source link
कासगंज में महिला की मौत के बाद बवाल:शव देखते ही भड़के मायके वाले, ससुरालियों को लाठी-डंडों से पीटा