ललितपुर में महिला वनरक्षक और वाचर रिश्वत लेते गिरफ्तार:एंटी करप्शन टीम ने पकड़ा, लकड़ी का ट्रक पास कराने के लिए 5 हजार ले रहे थे


ललितपुर में शुक्रवार शाम झांसी से आई एंटी करप्शन टीम ने रिश्वत लेते हुए एक महिला वनरक्षक और एक वाचर को गिरफ्तार किया है। इन पर छूट प्रजाति की लकड़ियों से भरे ट्रक को पास कराने के एवज में पांच हजार रुपये की रिश्वत लेने का आरोप है। गिरफ्तारी के बाद टीम दोनों आरोपियों को लखनऊ ले जाने की तैयारी कर रही है। यह मामला महरौनी कोतवाली के ग्राम मिदरवाहा निवासी ठेकेदार उदयपाल सिंह पुत्र तेज सिंह से जुड़ा है। उदयपाल सिंह ने किसानों से छूट प्रजाति की लकड़ियां खरीदी थीं, जिन्हें वह मंडी ले जाकर बेचना चाहते थे। छपरट रेंज से ट्रक निकालने के लिए वनरक्षक प्रिया कुमारी और वाचर जाहर सिंह ने उनसे 7000 रुपये की रिश्वत मांगी थी। जब ठेकेदार उदयपाल सिंह ने इतनी बड़ी रकम देने में असमर्थता जताई, तो बात 5000 रुपये पर तय हुई। पीड़ित ठेकेदार ने इसकी शिकायत झांसी रेंज की वन संरक्षक टीम से की, जिसके बाद एंटी करप्शन टीम को इसकी जानकारी दी गई। एंटी करप्शन टीम शुक्रवार शाम महरौनी पहुंची। शाम करीब सात बजे महिला वनरक्षक प्रिया कुमारी ने ठेकेदार को पांच हजार रुपये लेने के लिए कार्यालय के बाहर छपरट रोड पर बुलाया। जब ठेकेदार ने प्रिया कुमारी को पैसे दिए, तो उसने वाचर जाहर सिंह को पैसे देने के लिए कहा। ठेकेदार ने जैसे ही वाचर जाहर को पैसे दिए, उसी दौरान एंटी करप्शन टीम ने दोनों को रंगे हाथों पकड़ लिया। गिरफ्तारी के बाद दोनों को कोतवाली ललितपुर लाया गया, जहां उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली गई है। प्रिया कुमारी मूलरूप से हाथरस जिले की निवासी हैं और वर्तमान में छपरट वन कार्यालय परिसर में सरकारी आवास में रह रही थीं। इस कार्रवाई को अंजाम देने वाली टीम में निरीक्षक उदयराज निषाद, निरीक्षक कल्पना गौतम, इरशाद खान, राहुल कुशवाहा, ओमकार सिंह, महेंद्र कुमार, शिवम कुमार द्विवेदी, जितेंद्र सिंह, रोहिताश्व लहारिया, दयाशंकर और वसीम शामिल थे।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *