राम माधव बोले-भारत ने अमेरिका के लिए क्या नहीं किया:टैरिफ झेला, रूस-ईरान से तेल खरीदना बंद किया; फिर कहा- मैंने गलत फैक्ट्स दिए, माफी


भाजपा नेता और RSS लीडर राम माधव ने भारत-अमेरिका रिश्ते पर अपने बयान को लेकर माफी मांगी है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर शुक्रवार को लिखा, ‘भारत ने कभी भी रूस से तेल आयात रोकने पर सहमति नहीं दी। साथ ही, 50% टैरिफ लगाए जाने का भी उसने जोरदार विरोध किया।’ राम माधव ने टिप्पणी पर सफाई देते हुए कहा- ‘मैंने जो कहा, वह गलत था। मैं दूसरे पैनलिस्ट के जवाब में सीमित तर्क रखने की कोशिश कर रहा था, लेकिन उसके फैक्ट्स गलत थे। इसके लिए मैं माफी चाहता हूं।’ इससे पहले माधव ने एक कार्यक्रम के दौरान कहा कि भारत ने अमेरिका के साथ अच्छे संबंध बनाए रखने के लिए कई कदम उठाए हैं। उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा- भारत ने ईरान से तेल खरीदना बंद किया, रूस से तेल खरीदना बंद करने पर सहमति जताई और टैरिफ का भी विरोध नहीं किया। उनका यह बयान वॉशिंगटन में एक पैनल चर्चा के दौरान सामने आया। इस पैनल में अमेरिकी राजनयिक कर्ट कैंपबेल और एलिजाबेथ थ्रेलकेल्ड भी शामिल थीं। माधव से अमेरिका के साथ संबंध मजबूत करने से जुड़ा सवाल पूछा गया। जवाब में राम माधव ने कहा, ‘हमने (भारत ने) ईरान से तेल खरीदना बंद करने पर सहमति दी। हमने रूस से तेल खरीदना बंद करने पर भी सहमति दी, जबकि विपक्ष ने काफी आलोचना की। हमने 50% टैरिफ को भी स्वीकार किया। स्वीकार करने का मतलब है कि हमने ज्यादा विरोध नहीं किया। हमने धैर्य बनाए रखा।’ उन्होंने आगे कहा, टअब नए ट्रेड डील में हमने 18% टैरिफ भी स्वीकार किया है, जो पहले से ज्यादा है। तो आखिर भारत कहां पीछे रह रहा है? ऐसे कौन से मुद्दे हैं जहां भारत अमेरिका के साथ काम करने में कमी कर रहा है?’

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *