![]()
गोरखपुर में शुक्रवार को आसमान में एक ऐसा नजारा दिखाई दिया, जिसने लोगों को हैरान भी किया और आकर्षित भी। दोपहर के समय सूरज के चारों ओर एक विशाल गोलाकार चमकदार घेरा नजर आया। आसमान में बने इस खूबसूरत दृश्य को देखकर लोग रुक गए और अपने मोबाइल फोन से तस्वीरें व वीडियो बनाने लगे। देखते ही देखते इसकी तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल होने लगीं और शहरभर में इसकी चर्चा शुरू हो गई। शहर के विभिन्न इलाकों से यह घेरा साफ दिखाई दे रहा था। कई लोगों ने बताया कि उन्होंने पहली बार सूरज के चारों ओर इतना बड़ा और स्पष्ट घेरा देखा है। कुछ लोगों ने इसे प्रकृति का अद्भुत नजारा बताया तो कुछ इसके पीछे का कारण जानने को उत्सुक नजर आए। कैसे बनता है सन हेलो? खगोलविद अमर पाल सिंह ने बताया कि सूरज के चारों ओर दिखाई देने वाले इस चमकदार घेरे को 22 डिग्री सन हेलो कहा जाता है। यह एक प्राकृतिक प्रकाशीय घटना है, जो पृथ्वी के वायुमंडल में विशेष परिस्थितियों में बनती है। उन्होंने कहा कि यह कोई रहस्यमयी या अलौकिक घटना नहीं, बल्कि विज्ञान से जुड़ी सामान्य प्रक्रिया है। थ्वी से कई किलोमीटर ऊपर मौजूद पतले बादलों में बर्फ के बहुत छोटे-छोटे कण होते हैं। जब सूरज की रोशनी इन बर्फीले कणों से होकर गुजरती है, तो उसकी दिशा बदल जाती है। इसी वजह से सूरज के चारों ओर एक गोल चमकदार घेरा बन जाता है, जिसे सन हेलो कहा जाता है। उन्होंने बताया कि यह घेरा सूर्य से लगभग 22 डिग्री की दूरी पर बनता है। इसी कारण इसे 22 डिग्री सन हेलो कहा जाता है। यहां 22 डिग्री का संबंध तापमान से नहीं, बल्कि प्रकाश के कोण से होता है।
Source link
22 डिग्री सन हेलो ने खींचा लोगों का ध्यान:गोरखपुर में सूरज के चारों ओर दिखा चमकदार घेरा, मौसम में हो सकता है बदलाव