![]()
हिमाचल प्रदेश में मानसून ने एंट्री के साथ ही बारिश ने तबाही मचाना शुरू कर दिया है। मंडी के ओट में आज सुबह शनि मंदिर के पास पहाड़ी से गिरे पत्थर की चपेट में आने से एक महिला की मौत हो गई। नालागढ़ की महिला अपने परिवार के साथ कार में सफर कर रही थी। रास्ते में तबीयत बिगड़ने पर वह उल्टी करने के लिए कार से नीचे उतरी, तभी ऊपर से अचानक पत्थर गिरा और उससे महिला की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं राज्य के कई भागों में बीती शाम से ही भारी बारिश हो रही है। कांगड़ा के नगरोटा सूरिया में बीती रात में सबसे ज्यादा 102.5 मिमी और घमरोर में 95.2 मिमी बारिश हुई। चंबा में भी सुबह से भारी बारिश हो रही है। इससे चंबा-तीसा हाईवे समेत क्षेत्र की कई सड़कें अवरुद्ध हो गई। लाहौल स्पीति में बर्फ तेजी से पिघलने के बाढ़ जैसे हालात बने हुए है। इससे मनाली-काजा एनएच चिचोंग-खोलकसा के पास आज सुबह बंद हो गया। यहां पानी की निकासी को लगाए कलवट बंद होने से सड़क टूट गई। जिस्पा क्षेत्र में भी बीती रात पानी के तेज बहाव के साथ भारी मलबा सड़क पर आ गया। इससे मनाली-लेह और मनाली-जांस्कर मार्ग पूरी तरह बंद हो गए। कुछ गाड़ियां भी फंस गई। बीआरओ ने रात 12 बजे के बाद पानी का वाटर लेवल कम होने के बाद हाईवे को बहाल किया। जहालमा नाले में भी बाढ़ के बाद लोग जान जोखिम में डालकर नाले को पार कर रहे हैं। किसान अपनी फसल लेबर के जरिए नाले से पार निकाल रहे हैं। रामपुर में टूटा टैम्परेरी पुल शिमला के रामपुर के गानवी में बीती रात को तेज बारिश के बाद टैम्परेरी पुल टूट गया। इससे तीन पंचायतों का संपर्क कट गया है। शिमला में भी सुबह सवा 10 बजे तेज बारिश शुरू हुई, जबकि मंडी, कुल्लू और हमीरपुर के कई भागों में भी सुबह से बूंदाबांदी जारी है। 44 सड़कें और 254 बिजली ट्रांसफॉर्मर बंद राज्य में बीते 24 घंटे के दौरान हुई बारिश के बाद 44 सड़कें और 254 बिजली के ट्रांसफॉर्मर ठप हो गए। मंडी में सबसे ज्यादा 28 और कुल्लू जिला में 14 सड़कें अवरुद्ध है। राज्य में अगले छह दिन बारिश की चेतावनी मौसम विभाग (IMD) के अनुसार- प्रदेश में अगले छह दिन तक बरिश जारी रहेगी। आज भी किन्नौर, लाहौल स्पीति और कुल्लू को छोड़कर अन्य सभी जिलों में तेज बारिश का यलो अलर्ट जारी किया गया है। किन्नौर और लाहौल स्पीति जिला में 40 से 50 किलोमीटर की रफ्तार से तूफान चलने की चेतावनी दी गई है। आज रात से वेस्टर्न डिस्टरबेंस ज्यादा स्ट्रांग होगा। इसे देखते हुए अगले 72 घंटे तक (2 से 4 जुलाई) राज्य के मैदानी व मध्यम ऊंचाई वाले भागों में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट दिया गया है। नदी-नालों और लैंडस्लाइड संभावित क्षेत्रों में नहीं जाने की एडवाइजरी मौसम विभाग ने खराब मौसम के दौरान लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। प्रशासन ने लोगों को नदी-नालों के आसपास जाने से बचने, भूस्खलन संभावित क्षेत्रों से दूरी बनाए रखने और ऊंचाई वाले इलाकों में अनावश्यक यात्रा न करने की सलाह दी है। मानसून के दौरान पर्यटकों और स्थानीय लोगों को मौसम की स्थिति पर नजर रखने की भी हिदायत दी गई है। अभी इन जिलों में पहुंचा मानसून मौसम विभाग के अनुसार- मानसून पूरे किन्नौर जिले के साथ-साथ कुल्लू और लाहौल-स्पीति के अधिकांश इलाकों को कवर कर चुका है। शिमला, मंडी, सिरमौर और कांगड़ा जिलों के कुछ हिस्सों में भी मानसून की एंट्री हो गई। तापमान 4 से 5 डिग्री गिरेगा IMD के अनुसार- राज्य में अगले 3-4 दिनों में रात के तापमान में 2 से 3 डिग्री और अधिकतम तापमान 3 से 5 डिग्री सेल्सियस गिरेगा। अभी ज्यादातर शहरों का अधिकतम और न्यूनतम तापमान सामान्य के आसपास बना हुआ है।
Source link
हिमाचल में पहाड़ी से पत्थर गिरने से महिला की मौत:भारी बारिश से मनाली-काजा और चंबा-तीसा हाईवे बंद, कल से अगले 72 घंटे हेवी रेनी